एशिया कप 2025: भारतीय पुरुष हॉकी टीम राजगीर में दिखाएगी दम, विश्व कप क्वालिफिकेशन दांव पर

Asia Cup 2025: Indian men's hockey team will show its strength in Rajgir, World Cup qualification at stakeचिरौरी न्यूज

पटना:  पिछली दो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली और मौजूदा एशिया नंबर 1 भारतीय पुरुष हॉकी टीम सोमवार को पटना पहुंची। टीम यहां राजगीर, बिहार में होने वाले एशिया कप 2025 में हिस्सा लेगी। भारत ने पिछली बार जकार्ता (इंडोनेशिया) में आयोजित एशिया कप में कांस्य पदक जीता था, जहां एक युवा टीम ने 15 डेब्यूटेंट खिलाड़ियों के साथ बेहतरीन प्रदर्शन कर सभी को चौंका दिया था।

हालांकि, इस बार विश्व कप क्वालिफिकेशन दांव पर है, और भारत ने अपना सर्वश्रेष्ठ स्क्वॉड इस टूर्नामेंट के लिए भेजा है। टीम हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के पर्थ में हाई-इंटेंसिटी फ्रेंडली मुकाबले खेलकर लौटी है।

मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने पहली बार बिहार में खेलने को लेकर खुशी जताई। उन्होंने कहा, “हम इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए बिहार आकर बेहद खुश हैं। यह गर्व की बात है कि यहां अंतरराष्ट्रीय हॉकी का आयोजन हो रहा है। हम इस क्षेत्र के लोगों को प्रेरित करना चाहते हैं और खेल के लिए नए प्रशंसक बनाना चाहते हैं।”

फुल्टन ने टूर्नामेंट की अहमियत पर जोर देते हुए कहा, “हमारी तैयारियाँ मजबूत रही हैं। हमारा अप्रोच पेरिस ओलंपिक की तरह होगा – जहाँ हमने पूल स्टेज में अच्छे जीत के साथ शुरुआत की थी। हम भी यहां उसी तरह की शुरुआत करना चाहते हैं। एक-एक मैच पर फोकस करेंगे, और धीरे-धीरे गति बनाएँगे। हमें पता है कि भारत ने पिछली बार 2017 (ढाका) में यह खिताब जीता था, यानी 8 साल हो चुके हैं। हम जीत को लेकर आत्मविश्वास से भरे हैं, लेकिन किसी भी टीम को हल्के में नहीं लेंगे।”

टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा, “हमने पहले कभी बिहार में नहीं खेला, और यह देखकर अच्छा लग रहा है कि राजगीर एक साल में दूसरी बार अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेज़बानी कर रहा है। यह सरकार की खेलों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। हमें उम्मीद है कि यहां के हॉकी प्रेमियों का भरपूर प्यार और समर्थन मिलेगा।”

भारत को पूल ए में जापान, चीन और कज़ाखस्तान के साथ रखा गया है, जबकि पूल बी में मलेशिया, कोरिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे की टीमें शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *