एशिया कप: सुपर 4 मुकाबले में भारत और कोरिया के बीच 2-2 से रोमांचक ड्रॉ

Asia Cup: Exciting 2-2 draw between India and Korea in Super 4 matchचिरौरी न्यूज

राजगीर: भारतीय पुरुष हॉकी टीम की विजयी रफ्तार को बुधवार को कोरिया ने रोक दिया, जब सुपर 4 चरण के पहले मुकाबले में दोनों टीमों के बीच 2-2 से ड्रॉ हुआ। भारत के लिए हार्दिक सिंह (8′) और मंदीप सिंह (53′) ने गोल किए, जबकि कोरिया की ओर से जीहुन यांग (12′) और ह्योन होंग किम (14′) ने स्कोर किया।

भारतीय टीम ने लीग स्टेज में तीनों मैच जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया था, लेकिन इस मुकाबले में उसे केवल एक अंक से संतोष करना पड़ा। बारिश के कारण मैच की शुरुआत में थोड़ी देरी हुई, लेकिन गीले मैदान पर भारत ने आक्रामक शुरुआत करते हुए शुरुआती मिनटों में कई सर्कल एंट्री की।

भारत ने शुरुआत में दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, लेकिन वे गोल में तब्दील नहीं हो सके। आठवें मिनट में सुखजीत सिंह ने मिडफील्ड से गेंद जीती और हार्दिक सिंह को पास दिया, जिन्होंने शानदार एकल प्रयास से कोरियाई डिफेंस को छकाते हुए पहला गोल दागा।

कोरिया ने तेज़ी से वापसी की। 12वें मिनट में जुगराज सिंह के फाउल के कारण कोरिया को पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे जीहुन यांग ने गोल में बदला। दो मिनट बाद, कोरिया को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे ह्योन होंग किम ने ड्रैग फ्लिक के जरिए गोल में बदलकर कोरिया को 2-1 की बढ़त दिला दी।

दूसरे क्वार्टर में भारत ने आक्रामक खेल जारी रखा, लेकिन कोरियाई डिफेंस ने कड़ा मुकाबला किया। कप्तान हरमनप्रीत सिंह की लंबी पास पर जर्मनप्रीत ने गोल का प्रयास किया, लेकिन कोरियाई गोलकीपर ने शानदार बचाव किया।

तीसरे क्वार्टर में भारत ने कई मौके बनाए लेकिन गोल नहीं कर सका। 41वें मिनट में मनप्रीत सिंह की पास पर सुखजीत का शॉट पोस्ट के पास से बाहर चला गया। अभिषेक को दो बार स्कोर करने का मौका मिला, लेकिन वे चूक गए।

आखिरकार 53वें मिनट में सुखजीत सिंह ने शानदार पास देकर मंदीप सिंह को गेंद दी, जिन्होंने खाली गोल पोस्ट में गेंद डालकर भारत को बराबरी दिला दी।

मैच के अंतिम पलों में दोनों टीमों को पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन कोई भी गोल नहीं कर सका। 56वें मिनट में अभिषेक के शानदार पास पर सुखजीत सिंह का शॉट बेहद करीब से बाहर निकल गया और मुकाबला 2-2 से समाप्त हुआ।

अन्य मुकाबलों में:

मलेशिया ने सुपर 4 के अपने मैच में चीन को 2-0 से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की।

5वें-6वें स्थान के मुकाबले में जापान ने चीनी ताइपे को 2-0 से हराया। दोनों गोल शिनोहारा रयोसुके ने किए।

भारत का अगला मुकाबला गुरुवार को मलेशिया से होगा, जो अब तक टूर्नामेंट में अजेय रहा है। यह मैच भारत के फाइनल में पहुंचने की संभावनाओं के लिए अहम साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *