IPL में आयुष म्हात्रे की धमाकेदार पारी से मचा तहलका, सुरेश रैना और रवि शास्त्री ने की जमकर तारीफ
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: आयुष म्हात्रे, एक ऐसा नाम जिसने आईपीएल 2025 के इस सीज़न में अपनी पहली ही बड़ी पारी से क्रिकेट जगत का ध्यान खींच लिया है। 17 वर्षीय इस युवा बल्लेबाज़ ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए आरसीबी के खिलाफ मात्र 41 गेंदों में 94 रन बनाकर लगभग असंभव से लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम को जीत के करीब पहुँचा दिया। हालाँकि चेन्नई को इस मुकाबले में 2 रन से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन म्हात्रे ने जिस आत्मविश्वास, तकनीक और स्ट्रोक-प्ले का प्रदर्शन किया, उसने उन्हें भविष्य का सितारा साबित कर दिया।
आखिरी ओवरों में रोमारियो शेफर्ड के 14 गेंदों में 53 रन के तूफानी प्रदर्शन के बाद सीएसके पर दबाव था, लेकिन म्हात्रे ने उस दबाव को तोड़ते हुए भुवनेश्वर कुमार और अन्य अनुभवी गेंदबाज़ों के खिलाफ शानदार स्ट्रोक्स खेले। उन्होंने एक ही ओवर में पांच चौके और एक छक्का लगाकर अपने इरादे जाहिर कर दिए।
म्हात्रे की बल्लेबाज़ी ने IPL आइकन सुरेश रैना को भी प्रभावित किया। रैना ने जियो हॉटस्टार पर कहा, “उनके पैरों की मूवमेंट और सिर की स्थिरता कमाल की है। यह बहुत हद तक वीरू भाई (वीरेंद्र सहवाग) की याद दिलाता है। जिस तरह से वो क्रीज पर सेट होते हैं, वह एक परिपक्व बल्लेबाज़ की निशानी है।”
वहीं भारत के पूर्व कोच रवि शास्त्री भी उनकी बल्लेबाज़ी से बेहद प्रभावित नजर आए। उन्होंने कहा, “आयुष म्हात्रे ने जिस आत्मविश्वास के साथ मुंबई इंडियंस के खिलाफ भी शॉट खेले थे, और अब RCB के खिलाफ जो पारी खेली, वह अविश्वसनीय है। एक 17 साल के खिलाड़ी के लिए इस स्तर पर इस तरह की परफॉर्मेंस देना बहुत बड़ी बात है। अगर उसे सही दिशा और मार्गदर्शन मिला, तो वह भारतीय क्रिकेट का चमकता सितारा बन सकता है।”
म्हात्रे का यह प्रदर्शन कोई तुक्का नहीं, बल्कि उनकी मेहनत और घरेलू क्रिकेट में लगातार किए गए प्रदर्शन का नतीजा है। उन्होंने 2024 एशिया कप में भारत की अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व किया और ईरानी कप में डेब्यू करते हुए महाराष्ट्र के खिलाफ 176 रनों की शानदार पारी खेली थी। अब तक खेले गए 9 प्रथम श्रेणी मैचों में उन्होंने 504 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक शामिल हैं। उनका लिस्ट ए रिकॉर्ड भी बेहद प्रभावशाली है।
रुतुराज गायकवाड़ की चोट के चलते CSK में शामिल किए गए आयुष म्हात्रे ने अपने चयन को पूरी तरह सही साबित किया है। एमएस धोनी और कोच स्टीफन फ्लेमिंग का भरोसा जीतना और उसे मैदान पर प्रदर्शन से लौटाना, इस किशोर बल्लेबाज़ के लिए बड़ी उपलब्धि है।
आईपीएल 2025 में आयुष म्हात्रे की यह पारी सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि उनके क्रिकेट करियर का एक मजबूत नींव साबित हो सकती है। भारत को एक और भविष्य का सितारा मिल गया है।