‘भक्षक’ के दो साल पूरे: भूमि पेडनेकर बोलीं, ‘आज भी उतनी ही दिल तोड़ने वाली है यह कहानी’

चिरौरी न्यूज
मुंबई: क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘भक्षक’ की रिलीज़ को दो साल पूरे होने पर अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ने कहा है कि यह फिल्म आज पहले से कहीं ज़्यादा दिल तोड़ने वाली लगती है, क्योंकि जिन कड़वी सच्चाइयों को इसने उजागर किया था, वे आज भी दुनिया भर की सुर्खियों में बनी हुई हैं।
फिल्म के सफर को याद करते हुए भूमि ने बताया कि जब भक्षक रिलीज़ हुई थी, तब उसने सरहदों के पार दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया था। लोगों ने सिर्फ फिल्म देखी नहीं, बल्कि उसे महसूस किया। हालांकि, दो साल बाद भी कहानी की प्रासंगिकता बनी रहना उन्हें भीतर तक तोड़ देता है।
भूमि ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “दो साल पहले भक्षक सरहदों के पार गई। दुनिया के हर कोने से संदेश आए, क्योंकि लोगों ने इसे सिर्फ देखा नहीं, महसूस किया। तब मैं अभिभूत थी। आज मैं दिल से टूट चुकी हूं।”
अभिनेत्री ने कहा कि फिल्म की कहानी आज भी उतनी ही प्रासंगिक है। उन्होंने लिखा, “क्योंकि सच्चाई यह है कि यह कहानी आज भी उतनी ही प्रासंगिक है। महिलाओं और बच्चों के खिलाफ यौन हिंसा हमारी दुनिया का एक बुनियादी सच बनती जा रही है।”
भूमि ने हालिया वैश्विक घटनाओं का ज़िक्र करते हुए कहा कि दुनिया आज भी बच्चों के लिए सुरक्षित नहीं है। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है, जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जेफ्री एपस्टीन से जुड़ा विवाद एक बार फिर चर्चा में है।
उन्होंने आगे लिखा, “पिछले कुछ हफ्तों ने हमें याद दिलाया है कि दुनिया बच्चों के लिए कितनी असुरक्षित हो सकती है। किसी भी बच्चे को लगातार खतरे के प्रति सतर्क होकर बड़ा नहीं होना चाहिए। यह जिम्मेदारी हमारी है, उनकी नहीं।”
भूमि ने कहा कि बच्चों को आज़ादी और सुरक्षा मिलनी चाहिए। “बच्चे आज़ादी के हकदार हैं—खेलने की, अपनी पसंद के कपड़े पहनने की, सुरक्षित रहने की। समाज को उन्हें अपनाना और थामना चाहिए। कुछ फिल्में क्रेडिट रोल होने के साथ खत्म हो जाती हैं, लेकिन कुछ हमें नज़रें फेरने नहीं देतीं।”
उन्होंने कहा कि भक्षक हमेशा उनके लिए ऐसी ही फिल्मों में से एक रहेगी। साथ ही उन्होंने निर्देशक पुलकित, लेखिका ज्योत्सना नाथ, निर्माता गौरी खान, रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट, नेटफ्लिक्स और पूरी टीम का धन्यवाद किया।
गौरतलब है कि ‘भक्षक’ एक संघर्षरत स्थानीय पत्रकार की कहानी है, जो लड़कियों के एक आश्रय गृह में हो रहे भयावह यौन शोषण को छिपाने की साजिश का पर्दाफाश करने निकलती है।
वहीं, एपस्टीन विवाद को लेकर हाल ही में अमेरिका के न्याय विभाग (DoJ) ने दोषी यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़े रिकॉर्ड्स का एक बड़ा संग्रह सार्वजनिक किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसमें 30 लाख से अधिक फाइलें, 2,000 से ज्यादा वीडियो और लगभग 1.8 लाख तस्वीरें शामिल हैं, जो एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
