बिग बॉस 19: अवेज़ दरबार और नगमा मिराजकर का रिश्ता टूटा, कुनिका सदानंद ने की पुष्टि
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: बिग बॉस 19 के चर्चित कपल अवेज़ दरबार और नगमा मिराजकर के फैंस के लिए एक दिल तोड़ने वाली खबर सामने आई है। लंबे समय से शादी की चर्चाओं और वादों के बाद अब दोनों के ब्रेकअप की खबरें सच साबित होती दिख रही हैं। उनकी सह-प्रतियोगी कुनिका सदानंद ने भी इस रिश्ते के खत्म होने की पुष्टि कर दी है।
कुनिका सदानंद ने टेली मसाला को दिए इंटरव्यू में कहा कि यह उनके लिए काफी भावुक पल है। उन्होंने कहा, “दोनों के साथ मेरा बहुत अच्छा कनेक्शन था। मैं दोनों को बहुत प्यार करती हूं।”
उन्होंने आगे कहा कि वह जानती हैं कि अवेज़ और नगमा ने सालों तक एक-दूसरे का साथ दिया है। सुलह की संभावना पर उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा, “मैं चाहती हूं कि अगर कुछ सुलह हो सकती है तो जरूर हो। और अगर नहीं भी हो, तो दोनों को अच्छे पार्टनर मिलें, क्योंकि वे इसके हकदार हैं।”
बिग बॉस से शुरू हुआ प्यार, अब हुआ खत्म
अवेज़ दरबार और नगमा मिराजकर की जोड़ी पहली बार 2019 में अपने सोशल मीडिया वीडियो और केमिस्ट्री के कारण चर्चा में आई थी। इसके बाद दोनों बिग बॉस 19 में एक कपल के रूप में नजर आए, जहां उनका रिश्ता और मजबूत होता दिखा। शो के दौरान अवेज़ ने नगमा को प्रपोज भी किया था, जो सीजन का सबसे चर्चित पल बन गया था।
शो से बाहर आने के बाद नगमा ने 2026 में शादी की तैयारी की बात कही थी। लेकिन हाल ही में अवेज़ के बर्थडे सेलिब्रेशन में नगमा की गैरमौजूदगी ने ब्रेकअप की खबरों को हवा दे दी।
इस बारे में अवेज़ ने कहा था, “हम इस पर आराम से बैठकर बात करेंगे, क्योंकि बहुत सारी बातें हैं जो मैं बताऊंगा।”
अब कुनिका के बयान के बाद यह साफ हो गया है कि यह रिश्ता खत्म हो चुका है, हालांकि फैंस अभी भी दोनों के फिर से साथ आने की उम्मीद कर रहे हैं।
