बिग बॉस 19: मालती चाहर ने अमाल मलिक संग रिलेशनशिप की अफवाहों पर लगाया विराम, ‘हमारे बीच कभी कुछ नहीं था’
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: बिग बॉस 19 फेम मालती चाहर ने आखिरकार सिंगर-कंपोज़र अमाल मलिक के साथ अपने कथित रोमांटिक रिश्ते को लेकर चल रही अफवाहों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी है। मालती ने साफ शब्दों में कहा है कि उनके और अमाल के बीच कभी कोई रिश्ता नहीं था और रियलिटी शो के दौरान फैली गुमराह करने वाली बातों की वजह से ये अटकलें पैदा हुईं।
मंगलवार को मालती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक लंबा पोस्ट शेयर कर अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि बिग बॉस 19 के घर में जाने से पहले उनकी और अमाल की सिर्फ एक बार मुलाकात हुई थी और इसके बाद दोनों के बीच केवल फोन कॉल पर बातचीत होती थी।
मालती ने लिखा, “चलिए इसे एक बार और हमेशा के लिए साफ कर देते हैं। अमाल और मेरा कोई रिश्ता या किसी भी तरह का ‘शिप’ नहीं था। उसने मेरा नंबर मांगा था, हम सिर्फ एक बार मिले और कुछ पर्सनल बातें शेयर कीं। उसके बाद हम फोन पर संपर्क में थे। बस! इससे ज़्यादा कुछ नहीं था।”
उन्होंने शो के दौरान कही गई अपनी एक बात को लेकर भी सफाई दी। मालती के अनुसार, जब उन्होंने कहा था कि “बाहर की बात नहीं करेंगे”, तो उनका मतलब अमाल की निजी जानकारी को सार्वजनिक न करना था, न कि किसी रिश्ते को छिपाना।
इसके साथ ही मालती ने अमाल की ओर से शो में किए गए कुछ कमेंट्स पर नाराज़गी भी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उन्हें इन बातों के बारे में बिग बॉस के घर से बाहर आने के बाद ही पता चला।
मालती ने लिखा, “शो में ऐसा माहौल बनाना कि मैं उसे इंप्रेस करने की कोशिश कर रही थी और मेरे बारे में अपमानजनक बातें कहना, यह बेहद गलत था। यह सब मैंने BB हाउस से बाहर आने के बाद देखा।”
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि अमाल ने शो से पहले और शो के दौरान अपनी मानसिक सेहत को लेकर उनसे बात की थी, जिस पर उन्होंने सहानुभूति दिखाते हुए मदद करने की कोशिश की। हालांकि, अब वह इस पूरे मामले को लेकर खुद को आहत महसूस कर रही हैं।
मालती ने अंत में लिखा, “अब मुझे अकेला छोड़ दिया जाए। कृपया मेरा नाम उसके साथ न जोड़ा जाए।”
गौरतलब है कि बिग बॉस 19 के दौरान मालती और अमाल की बातचीत को लेकर फैंस के बीच कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। अमाल के बयानों और मालती के खुलासों के बाद यह कयास लगाए जा रहे थे कि मालती वही ‘गर्लफ्रेंड’ हैं, जिनका जिक्र अमाल शो में करते रहते थे। हालांकि, अब मालती चाहर ने इन सभी अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
