AAP नेता दुर्गेश पाठक के घर CBI का छापा, पार्टी ने बताया ‘डर की राजनीति’

CBI raids AAP leader Durgessh Pathak's house, party calls it 'politics of fear'चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: गुरुवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने आम आदमी पार्टी के नेता और गुजरात विधानसभा चुनाव 2027 के सह-प्रभारी दुर्गेश पाठक के आवास पर छापेमारी की। यह कार्रवाई विदेशी मुद्रा कानून के कथित उल्लंघन के मामले में की गई। सूत्रों के मुताबिक, मामला छापे से महज 24 घंटे पहले दर्ज किया गया था।

CBI की इस कार्रवाई की AAP नेताओं ने कड़ी आलोचना की है। राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने इसे “डर पैदा करने की कोशिश” बताया। हालांकि दुर्गेश पाठक ने अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनका समर्थन किया है।

राष्ट्रीय सचिव संदीप पाठक ने कहा, “ये छापे एक बड़ा संदेश दे रहे हैं — भारतीय जनता पार्टी आम आदमी पार्टी को गुजरात में बढ़ता हुआ खतरा मानती है और उसकी लोकप्रियता से घबराई हुई है।”

संजय सिंह ने आरोप लगाया कि, “BJP ने AAP को रोकने के लिए पहले भी हर हथकंडा अपनाया। हमारे नेता अरविंद केजरीवाल को जेल भेजा गया, पंजाब और दिल्ली में छापे मारे गए और अब वही साज़िश गुजरात में दुहराई जा रही है।”

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने CBI को दुर्गेश पाठक के घर भेजा क्योंकि केजरीवाल जी ने उन्हें गुजरात भेजा है संगठन को मजबूत करने के लिए।”

गुजरात में 2022 के विधानसभा चुनाव में AAP ने पांच सीटें जीतकर और करीब 13% वोट शेयर हासिल कर शानदार शुरुआत की थी। अगर 2027 में भी पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया, तो दिल्ली में हुई राजनीतिक हार का असर काफी हद तक कम हो सकता है।

संजय सिंह ने कहा, “BJP की गुजरात में हालत खराब है… गुजरात की जनता को AAP से उम्मीद है, इसलिए डराने के लिए CBI भेजी गई है। मोदी जी को गुजरात में हार की आशंका सता रही है, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *