‘कल्कि 2898 ई. की सीक्वल’ से दीपिका पादुकोण बाहर, मेकर्स ने दी आधिकारिक पुष्टि
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को लेकर फिल्म प्रेमियों को उस समय बड़ा झटका लगा जब यह खबर सामने आई कि वह बहुप्रतीक्षित साइंस फिक्शन फिल्म “कल्कि 2898 ई.” के सीक्वल का हिस्सा नहीं होंगी।
फिल्म के निर्माताओं वैयजन्ती मूवीज़ ने मंगलवार को इस बात की आधिकारिक पुष्टि करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा,
“यह सूचित किया जाता है कि @deepikapadukone आगामी ‘कल्कि 2898 ई.’ सीक्वल का हिस्सा नहीं होंगी। लंबे समय तक चली पहली फिल्म की यात्रा के बावजूद, हम एक सशक्त साझेदारी नहीं बना पाए। ऐसी फिल्म को पूरी प्रतिबद्धता की ज़रूरत होती है और हमने अलग रास्ता अपनाने का निर्णय लिया है। हम उन्हें उनके भविष्य के कार्यों के लिए शुभकामनाएँ देते हैं।”
निर्माताओं के इस बयान को दीपिका की प्रतिबद्धता में कमी से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसकी वजह उनके व्यस्त शेड्यूल और बढ़ती डिमांड मानी जा रही है।
दीपिका का करारा जवाब: “फिल्म से ज्यादा ज़रूरी हैं वो लोग जिनके साथ आप काम करते हैं”
निर्माताओं के बयान के तुरंत बाद दीपिका ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक भावुक और रहस्यमयी पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा, “उन्होंने (शाहरुख खान) मुझे 18 साल पहले ‘ओम शांति ओम’ की शूटिंग के दौरान यह सिखाया था कि एक फिल्म की सफलता से कहीं अधिक महत्वपूर्ण होता है उसका अनुभव और जिन लोगों के साथ आप काम करते हैं। मैं इस सोच से पूरी तरह सहमत हूँ और उसी के अनुसार हर निर्णय लेती आई हूँ।”
दीपिका ने आगे बताया कि वह इस समय शाहरुख खान के साथ अपनी अगली फिल्म ‘किंग’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। यह उनकी साथ में छठी फिल्म है।
‘कल्कि’ में था अहम किरदार, ‘किंग’ में सीमित भूमिका
गौरतलब है कि ‘कल्कि 2898 ई.’ में दीपिका का किरदार SUM-80 (सुमति) के रूप में काफी अहम था। वह एक गर्भवती महिला और ‘कल्कि’ की भविष्यवाणी के अनुसार उसकी मां की भूमिका में नजर आई थीं। फिल्म में उनका स्क्रीन टाइम भी काफी अधिक था।
वहीं, रिपोर्ट्स की मानें तो सिद्धार्थ आनंद निर्देशित ‘किंग’ में दीपिका की भूमिका अपेक्षाकृत छोटी है। इस फिल्म में शाहरुख खान एक ताकतवर डॉन की भूमिका में हैं जो अपनी बेटी (सुहाना खान) को खतरनाक अंडरवर्ल्ड में प्रशिक्षित करता है।
