दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने शहीद दिवस पर भगत सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को शहीद दिवस के अवसर पर संसद मार्ग स्थित रजिस्ट्रार कोऑपरेटिव सोसायटी कार्यालय में महान स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया और ऐतिहासिक न्यायालय कक्ष का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सहित अन्य मंत्रियों ने भगत सिंह, शिवराम राजगुरु और सुखदेव थापर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 23 मार्च का दिन पूरे देश के लिए गर्व का दिन है, जिसे हर वर्ष शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि यह दिन हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
उन्होंने इस स्थान के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यही वह जगह है, जहां असेंबली बम कांड के बाद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के मुकदमे की सुनवाई हुई थी। उन्होंने कहा कि आज भी यह परिसर लगभग वैसा ही है जैसा उस समय था और हर भारतीय को यहां आकर इसे देखना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक स्थल के पुनरुद्धार कार्य में जुड़े मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह और अन्य अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने शहीद-ए-आजम भगत सिंह से जुड़ी स्मृतियों को नए स्वरूप में जनता के सामने प्रस्तुत किया है।
उन्होंने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश उनके बलिदान को सदैव याद रखेगा और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया जाना चाहिए। दिल्ली के मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने भी इस पहल के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह वही गलियारा है जहां कभी “इंकलाब जिंदाबाद” के नारे गूंजते थे और जहां भगत सिंह के मुकदमे चले थे। यहां स्थापित प्रतिमा युवाओं को उनके जीवन और संघर्ष से प्रेरणा देगी।
गौरतलब है कि भगत सिंह, सुखदेव थापर और शिवराम राजगुरु को 23 मार्च 1931 को लाहौर जेल में ब्रिटिश शासन द्वारा फांसी दी गई थी। उनके इस सर्वोच्च बलिदान की स्मृति में हर वर्ष 23 मार्च को शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है।
