ओटीटी पर भी ‘धुरंधर’ का डंका: बैन के बाद भी पाकिस्तान में नंबर-1
चिरौरी न्यूज
णाई दिल्ली: बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई करने के बाद अब रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी इतिहास रचती नजर आ रही है। नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ होते ही फिल्म ने दुनियाभर में जबरदस्त लोकप्रियता हासिल कर ली है और नॉन-इंग्लिश मोस्ट वॉच्ड फिल्मों की लिस्ट में नंबर-1 स्थान पर पहुंच गई है।
नेटफ्लिक्स के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, ‘धुरंधर’ को अब तक 7.6 मिलियन (76 लाख) व्यूज़ मिल चुके हैं। भारत के साथ-साथ इंटरनेशनल मार्केट में भी फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। हैरानी की बात यह है कि पाकिस्तान में भी यह फिल्म सबसे ज्यादा देखी जाने वाली फिल्म बन गई है, जहां यह टॉप स्पॉट पर ट्रेंड कर रही है।
कहानी बनी चर्चा की वजह
‘धुरंधर’ की कहानी कराची के ल्यारी टाउन और वहां पनपते आतंकवाद पर आधारित है। इसी संवेदनशील विषय के चलते फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी खास पहचान मिल रही है। पाकिस्तान में दर्शकों द्वारा इसे बड़े पैमाने पर देखे जाने को भारतीय सिनेमा की सीमा पार लोकप्रियता के रूप में देखा जा रहा है।
स्टारकास्ट ने बढ़ाया दम
फिल्म में रणवीर सिंह ने दमदार लीड रोल निभाया है, जबकि अक्षय खन्ना खतरनाक विलेन के रूप में नजर आए हैं। संजय दत्त, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे मजबूत कलाकारों ने कहानी को और प्रभावशाली बनाया है। लीड एक्ट्रेस के तौर पर सारा अर्जुन ने अपनी छाप छोड़ी, वहीं राकेश बेदी का सपोर्टिंग रोल भी दर्शकों को काफी पसंद आया।
पाकिस्तान में बॉलीवुड का असर
‘धुरंधर’ के अलावा भी कई भारतीय फिल्में पाकिस्तान में ओटीटी पर खूब देखी जा रही हैं। इस लिस्ट में धनुष की तेरे इश्क में, यामी गौतम की हक, अजय देवगन की दे दे प्यार दे 2, रानी मुखर्जी की मर्दानी और मर्दानी 2 के साथ-साथ अक्षय कुमार की जॉली एलएलबी 3 शामिल हैं।
बॉक्स ऑफिस से ओटीटी तक सुपरहिट सफर
5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई ‘धुरंधर’ ने भारत में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन किया था, जबकि वर्ल्डवाइड कमाई 1300 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई थी। फिल्म की बंपर सफलता के बाद अब इसके दूसरे भाग का इंतजार किया जा रहा है।
‘धुरंधर 2’ को 19 मार्च 2026 को रिलीज किए जाने की तैयारी है। ओटीटी पर मिल रही इस जबरदस्त सफलता ने सीक्वल को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और भी बढ़ा दी है।
