बरेली में एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर के बाहर फायरिंग, गोल्डी बरार ग्रुप ने ली जिम्मेदारी

Firing outside actress Disha Patni's house in Bareilly, Rohit Goldie Brar Group took responsibilityचिरौरी न्यूज

बरेली: बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर के बाहर शुक्रवार तड़के गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। हालांकि इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ है, लेकिन मामला गंभीर माना जा रहा है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

क्या है मामला?

जानकारी के अनुसार, यह हमला हिंदू संत प्रेमानंद महाराज और अनिरुद्धाचार्य महाराज के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणियों के विरोध में किया गया है। घटना की जिम्मेदारी रोहित गोल्डी बरार गैंग ने ली है।

सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में वीरेन्द्र चरण और महेन्द्र सरण नामक दो लोगों ने खुद को हमले का जिम्मेदार बताया। हिंदी में लिखे गए इस मैसेज में कहा गया, “जय श्री राम राम राम सभी भाइयों को। मैं वीरेन्द्र चरण, महेन्द्र सरण (डेलाना)। भाइयों, आज जो फायरिंग हुई है खुशबू पाटनी/दिशा पाटनी (बॉलीवुड एक्ट्रेस) के घर (विला नं. 40, सिविल लाइन्स, बरेली, यूपी) पर, वो हमने की है। उन्होंने हमारे पूज्य संतों (प्रेमानंद जी महाराज और अनिरुद्धाचार्य जी महाराज) का अपमान किया। हमारे सनातन धर्म को नीचा दिखाने की कोशिश की। हमारे देवी-देवताओं का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ये तो सिर्फ एक ट्रेलर था। अगली बार अगर उन्होंने या किसी और ने हमारे धर्म के खिलाफ कुछ भी कहा, तो उनके घर में कोई नहीं बचेगा। यह संदेश सिर्फ उनके लिए नहीं, बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री और उससे जुड़े लोगों के लिए है।”

बताया जा रहा है कि दिशा पाटनी की छोटी बहन खुशबू पाटनी ने कुछ दिनों पहले अनिरुद्धाचार्य जी महाराज की महिलाओं के बारे में की गई टिप्पणियों की आलोचना की थी। यही बयान इस हमले की वजह बना हो सकता है। हालांकि, खुशबू ने बाद में स्पष्ट किया कि उनका बयान प्रेमानंद महाराज के खिलाफ नहीं था।

घटना के बाद सिविल लाइन्स स्थित पाटनी परिवार के घर के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। स्थानीय पुलिस के साथ-साथ एसओजी और खुफिया टीमें भी पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हैं।

इस घटना ने बॉलीवुड इंडस्ट्री और उसके कलाकारों के लिए खतरे की घंटी बजा दी है। हमले की भाषा और उसमें दी गई खुली धमकी से माहौल में भय पैदा हो गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *