छोटी-छोटी बातों में खुशी: इस्तांबुल ट्रिप से हिना खान ने दिखाया सादगी भरा अंदाज़

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: अभिनेत्री हिना खान का मानना है कि खुशियाँ ज़िंदगी के सबसे छोटे और सादे पलों में छिपी होती हैं। हाल ही में उन्होंने अपने इस्तांबुल ट्रिप से एक सुकून भरा नज़ारा साझा किया, जिसमें वह नाश्ते के दौरान पक्षियों को दाना खिलाती नज़र आईं। इस दौरान उनके पीछे ऐतिहासिक हागिया सोफिया और ब्लू मॉस्क की खूबसूरत झलक दिखाई दी।
हिना ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरों की एक सीरीज़ पोस्ट की, जिसमें उन्होंने बताया कि पक्षियों को चीज़ काफी पसंद आई। ऐतिहासिक शहर की खूबसूरती में खोई हुई हिना इन पलों को पूरी शांति और खुशी के साथ जीती नज़र आईं।
उन्होंने कैप्शन में लिखा, “खुशी है—हागिया सोफिया और ब्लू मॉस्क के खूबसूरत नज़ारे के साथ पक्षियों को खाना खिलाना। इन्हें चीज़ बहुत पसंद है। #istanbul #breakfast #feedingbirds #travelgram”
इससे पहले 24 जनवरी को हिना ने अपने तुर्की वेकेशन की झलक साझा की थी, जहां वह अपने पति रॉकी जायसवाल, मां और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ समय बिता रही हैं।
इस्तांबुल में रहते हुए हिना ने पारंपरिक तुर्किश ब्रेकफास्ट का भी खूब आनंद लिया। उन्होंने लिखा, “जब इस्तांबुल में हों तो यहां के शानदार तुर्किश ब्रेकफास्ट जॉइंट्स को एक्सप्लोर करना बिल्कुल न भूलें। उनका नज़ारा, खाना, मेहमाननवाज़ी और गर्मजोशी दिल को छू लेने वाली है। यह अनुभव अविस्मरणीय है। बहुत पसंद आया… अलहम्दुलिल्लाह (नज़र वाला इमोजी)”
इससे पहले हिना ने अपनी फ्लाइट से भी कुछ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा था,
“Here we go again… (नज़र वाला इमोजी) एक्स्ट्रा केयर और अटेंशन के लिए धन्यवाद।”
वर्क फ्रंट की बात करें तो हिना खान हाल ही में कपल रियलिटी शो “पति पत्नी और पंगा” में नज़र आई थीं। इस शो में अलग-अलग थीम और गेम्स के ज़रिए सेलिब्रिटी कपल्स के रिश्तों की परीक्षा ली गई, जिसमें हल्की-फुल्की नोकझोंक, रोमांटिक पल और हंसी-मज़ाक देखने को मिला।
हिना खान को टीवी शो “ये रिश्ता क्या कहलाता है” में अक्षरा माहेश्वरी सिंघानिया के किरदार से खास पहचान मिली। वह खतरों के खिलाड़ी के आठवें और बिग बॉस के ग्यारहवें सीज़न की रनर-अप भी रह चुकी हैं। इसके बाद उन्होंने “कसौटी ज़िंदगी की 2” में एक नकारात्मक भूमिका निभाकर खूब सराहना बटोरी।
