दिल्ली में चुनाव कराएं, अगर बीजेपी 10 से ज़्यादा सीटें जीतती है तो राजनीति छोड़ दूंगा: अरविंद केजरीवाल
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: पूर्व मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में बरी होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा को खुली चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली में दोबारा चुनाव कराए जाएं और भाजपा 10 से अधिक सीटें जीत ले, तो वह राजनीति छोड़ देंगे।
शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सीसोदिया को दिल्ली आबकारी नीति मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट ने आरोपमुक्त कर दिया। अदालत ने जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अभियोजन पक्ष अपने आरोपों को विश्वसनीय सबूतों से साबित करने में असफल रहा। अदालत ने इस मामले में सभी 23 आरोपियों को राहत दी, जिनमें पूर्व बीआरएस नेता के कविता भी शामिल हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने कहा कि भाजपा के दोबारा सत्ता में आने के बाद से दिल्ली को नुकसान हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री आमित शाह की “सत्ता की लालसा” का खामियाजा दिल्ली की तीन करोड़ जनता ने भुगता है। उन्होंने कहा, “अगर हिम्मत है तो दिल्ली में फिर से चुनाव कराइए। अगर भाजपा 10 से ज्यादा सीटें ले आए, तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा। दिल्ली की जनता आपसे परेशान हो चुकी है।”
केजरीवाल ने इस मामले को “स्वतंत्र भारत की सबसे बड़ी राजनीतिक साजिश” बताया। उनका आरोप है कि भाजपा ने आम आदमी पार्टी को दिल्ली की सत्ता से हटाने के लिए यह मामला गढ़ा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को देश से माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि मामले में कोई ठोस आधार होता, तो मुकदमा वर्षों तक चलता और कई गवाह व सबूत पेश किए जाते। केजरीवाल के अनुसार, अदालत ने अपने लगभग 600 पन्नों के आदेश में स्पष्ट कहा है कि अभियोजन के लिए पर्याप्त साक्ष्य भी मौजूद नहीं थे।
इस बीच, केजरीवाल ने अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि आखिरकार सच की जीत हुई है। उन्होंने अपनी कानूनी टीम, विशेषकर वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी का आभार जताया।
