राज्यसभा में पीएम मोदी का कांग्रेस पर तीखा हमला, राहुल गांधी के बयान को बताया सिख समुदाय का अपमान

In the Rajya Sabha, PM Modi launches scathing attack on the Congress, calling Rahul Gandhi's statement an insult to Sikh communityचिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राज्यसभा में कांग्रेस पर जोरदार हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर सिख समुदाय के प्रति नफरत भरी सोच है। प्रधानमंत्री ने यह टिप्पणी कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को “गद्दार” कहे जाने के संदर्भ में की।

बुधवार को संसद परिसर के बाहर राहुल गांधी और रवनीत सिंह बिट्टू के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली थी। राहुल गांधी, निलंबित कांग्रेस सांसदों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे थे, जबकि बिट्टू संसद भवन में प्रवेश कर रहे थे। इसी दौरान राहुल गांधी ने बिट्टू को “गद्दार” कहा, जिसके जवाब में भाजपा नेता ने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए उन्हें “देश का दुश्मन” बताया।

इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राहुल गांधी की टिप्पणी केवल एक सांसद पर नहीं, बल्कि पूरे सिख समुदाय और सिख गुरुओं का अपमान है। प्रधानमंत्री ने कहा, “कांग्रेस के युवराज ने एक सांसद को गद्दार कहा। उनका अहंकार चरम पर है। उन्होंने कांग्रेस छोड़ने वाले अन्य नेताओं को गद्दार नहीं कहा, लेकिन एक सिख सांसद को गद्दार कहा गया। यह सिखों और गुरुओं का अपमान है और कांग्रेस की सिख विरोधी सोच को दर्शाता है।”

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि रवनीत सिंह बिट्टू ऐसे परिवार से आते हैं जिसने देश के लिए बलिदान दिए हैं। उन्होंने सवाल उठाया, “क्या सिर्फ राजनीतिक विचारधारा बदलने से कोई गद्दार हो जाता है? गद्दार जैसा शब्द छोटा नहीं होता। किसी भी नागरिक को इस तरह संबोधित करना देश कैसे सहन कर सकता है?”

करीब एक घंटे 35 मिनट के अपने भाषण में प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर कई अन्य आरोप भी लगाए। उन्होंने जेएनयू में लगे मोदी विरोधी नारों का जिक्र किया और कांग्रेस पर विकास में बाधा डालने तथा ‘गरीबी हटाओ’ जैसे नारों से जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।

इस दौरान विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया। गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले लोकसभा में भी भारी हंगामे के चलते कार्यवाही स्थगित कर दी गई थी।

प्रधानमंत्री का यह भाषण कांग्रेस पर अब तक के सबसे तीखे हमलों में से एक माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *