IND vs PAK: साहिबजादा फरहान की चेतावनी, ‘भारत के खिलाफ खेलेंगे आक्रामक क्रिकेट’

IND vs PAK: Sahibzada Farhan warns, 'We will play aggressive cricket against India'
(FIle Photo PCB)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप में 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाकिस्तान महामुकाबले से पहले पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने अपने इरादे साफ कर दिए हैं। उन्होंने कहा है कि उनकी टीम भारत के खिलाफ भी “सकारात्मक और आक्रामक” क्रिकेट ही खेलेगी।

सोमवार देर रात पाकिस्तान ने इस बड़े मुकाबले के बहिष्कार के प्रस्ताव को वापस ले लिया, जिससे टूर्नामेंट के सबसे बहुप्रतीक्षित मैच का रास्ता साफ हो गया। अमेरिका के खिलाफ 32 रन की जीत के बाद पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में फरहान ने कहा कि टीम अपनी रणनीति में कोई बदलाव नहीं करेगी।

फरहान ने कहा, “हम वही मानसिकता लेकर मैदान में उतरेंगे, जैसी हमने भारत के खिलाफ पिछले मैचों में, एशिया कप समेत, अपनाई थी। हम सकारात्मक रहकर आक्रामक क्रिकेट खेलने की कोशिश करेंगे।”

अमेरिका के खिलाफ मुकाबले में फरहान ने 73 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। उनकी पारी की बदौलत पाकिस्तान ने 190 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

फरहान ने बताया कि उन्हें पहले से ही अच्छे प्रदर्शन का अहसास था।

“कल अभ्यास के दौरान गेंद मेरे बल्ले पर बहुत अच्छी तरह आ रही थी। मैंने अपने बैटिंग कोच हनीफ मलिक से कहा था कि मुझे मैच के लिए अच्छा महसूस हो रहा है।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं आत्मविश्वास से भरा था। मैंने कहा था कि मैं मैच ऐसे खत्म करूंगा कि मुझे प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड मिले। इस वर्ल्ड कप में मेरा निजी लक्ष्य है कि कम से कम दो-तीन प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतूं।”

कप्तान सलमान आगा का बयान

पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने कहा कि टीम की बल्लेबाजी में लचीलापन उनकी बड़ी ताकत है। “हम लक्ष्य का पीछा करने में सहज हैं, लेकिन कोशिश रहती है कि पहले बल्लेबाजी कर बड़ा स्कोर खड़ा करें और फिर उसे डिफेंड करें। हमारी बैटिंग ऑर्डर लचीली है। टॉप तीन बल्लेबाज तैयार रहते हैं, और जरूरत पड़ने पर फिनिशर जल्दी आ सकते हैं या विकेट गिरने पर पारी को संभाल सकते हैं।”

नीदरलैंड्स के खिलाफ करीबी जीत के बाद पाकिस्तान ने अमेरिका के खिलाफ अधिक आत्मविश्वास से भरा प्रदर्शन किया।

“यह एक क्लिनिकल प्रदर्शन था। हमने बल्लेबाजी में अच्छी शुरुआत की और मिडिल ओवरों में शानदार खेल दिखाया। हमारे पास विश्वस्तरीय गेंदबाजी आक्रमण है और 190 रन बनाने के बाद हमें विश्वास था कि हम इसे डिफेंड कर लेंगे,” सलमान ने कहा। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि टीम को अभी सुधार की जरूरत है।

“हम पावरप्ले में और बेहतर गेंदबाजी करना चाहते हैं और अधिक क्लिनिकल बनना चाहते हैं। सुधार की हमेशा गुंजाइश रहती है।”

अमेरिका की उम्मीदें बरकरार

अमेरिका के कप्तान मोनांक पटेल ने हार के बाद कहा कि उनकी टीम ने मिडिल ओवरों में मैच गंवाया। “पावरप्ले में हमने अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन मिडिल ओवरों में ज्यादा रन दे दिए। डेथ ओवरों में तेज गेंदबाजों ने वापसी की।”

लगातार दो हार के बाद सुपर एट्स में पहुंचने की अमेरिका की उम्मीदों को झटका लगा है। हालांकि पटेल ने कहा कि टीम टूर्नामेंट का अंत मजबूती से करना चाहती है।

“हम अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं, लेकिन छोटी गलतियां भारी पड़ती हैं। अब हम अपने बाकी दो मैच जीतकर टूर्नामेंट को सकारात्मक तरीके से खत्म करना चाहते हैं।”

भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले दोनों टीमों के बयानबाजी से माहौल और भी गर्म हो गया है, जिससे 15 फरवरी का मैच और रोमांचक होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *