अजित पवार के विमान हादसे की जांच तेज, DGCA ने VSR वेंचर्स का विशेष ऑडिट आदेशित किया
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजित पवार के विमान हादसे की जांच तेज़ हो गई है। नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने उस निजी जेट कंपनी VSR वेंचर्स का विशेष ऑडिट कराने का आदेश दिया है, जिसके विमान से अजित पवार यात्रा कर रहे थे।
अजित पवार मुंबई से पुणे के बारामती जा रहे थे, जब उनका लियरजेट 45 XR खराब दृश्यता के कारण दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में अजित पवार समेत विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में पायलट सुमित कपूर, को-पायलट शंभवी पाठक, पवार के निजी सुरक्षा अधिकारी विदिप जाधव और फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली शामिल हैं।
DGCA द्वारा कराए जा रहे विशेष ऑडिट में VSR वेंचर्स के मेंटेनेंस रिकॉर्ड, लॉगबुक और आंतरिक सुरक्षा प्रक्रियाओं की जांच की जाएगी। यह देखा जाएगा कि क्या कंपनी विमान के रखरखाव और दस्तावेज़ीकरण से जुड़े नियमों का पालन कर रही थी। ऑडिट रिपोर्ट 15 फरवरी तक आने की उम्मीद है।
वहीं, इस हादसे की तकनीकी और परिचालन कारणों की जांच एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) द्वारा की जा रही है।
यूरोपीय संघ पहले ही VSR वेंचर्स पर कार्रवाई कर चुका था
DGCA के अनुसार, यूरोपीय संघ की विमानन सुरक्षा एजेंसी EASA पहले ही VSR वेंचर्स के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी थी। EASA ने कंपनी को यूरोपीय हवाई क्षेत्र में उड़ान भरने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था।
दरअसल, सितंबर 2023 में हुए एक विमान हादसे से जुड़े सवालों का जवाब न देने के कारण EASA ने VSR वेंचर्स का थर्ड कंट्री ऑपरेटर (TCO) सर्टिफिकेट निलंबित कर दिया था। यह सर्टिफिकेट गैर-यूरोपीय एयरलाइनों के लिए यूरोप में वाणिज्यिक उड़ानों हेतु अनिवार्य होता है।
VSR वेंचर्स को वर्ष 2020 में TCO अनुमति मिली थी। लेकिन सितंबर 2023 के हादसे के बाद EASA द्वारा मांगी गई जानकारी कंपनी ने साझा नहीं की। इसके चलते 17 दिसंबर 2024 को TCO सस्पेंड कर दिया गया और एक साल बाद इसे पूरी तरह रद्द कर दिया गया।
सितंबर 2023 का मुंबई विमान हादसा
14 सितंबर 2023 को VSR वेंचर्स का एक लियरजेट 45XR मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान भारी बारिश और खराब दृश्यता में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
यह विमान विशाखापत्तनम से मुंबई के लिए एक गैर-अनुसूचित यात्री उड़ान पर था। विमान की कमान ATPL लाइसेंसधारी पायलट के पास थी, जबकि सह-पायलट के पास CPL लाइसेंस था। विमान में छह यात्री सवार थे।
नागर विमानन मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, उड़ान सामान्य रही थी और मुंबई पहुंचने पर विमान को रनवे 27 पर उतरने की अनुमति दी गई थी। उस समय हवाई अड्डे पर भारी बारिश हो रही थी और दृश्यता काफी कम थी। पायलटों को लैंडिंग के दौरान 140 डिग्री दिशा से 7 नॉट्स की हवा की जानकारी दी गई थी।
