अगर यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड लागू होता है तो यह बहुत अच्छी बात होगी: RSS प्रमुख मोहन भागवत

It will be a very good thing if Uniform Civil Code is implemented: RSS chief Mohan Bhagwatचिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने उत्तराखंड की तर्ज पर पूरे देश में UCC लागू करने की वकालत की है।

RSS की 100वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित पूर्व सैनिकों के संवाद सेमिनार में भागवत ने कहा कि यदि पूरे देश में समान नागरिक संहिता लागू होती है तो यह बहुत अच्छी बात होगी। उन्होंने कहा कि इसे उत्तराखंड की तरह ही लागू किया जाना चाहिए, जहां पहले मसौदा तैयार किया गया, फिर उसे सार्वजनिक चर्चा के लिए रखा गया और लाखों लोगों से सुझाव लिए गए।

गौरतलब है कि उत्तराखंड 27 जनवरी 2025 को UCC लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना था। भागवत ने कहा कि UCC समाज को जोड़ने का काम करता है और इससे समानता और एकरूपता को बढ़ावा मिलता है।

यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (UGC) से जुड़े एक सवाल पर उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि मामला फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। इस कार्यक्रम में सेना और अर्धसैनिक बलों के सेवानिवृत्त जवान और अधिकारी शामिल हुए। भागवत ने कहा कि देश भले ही स्वतंत्र है, लेकिन उसकी स्वतंत्रता की रक्षा के लिए मजबूत रक्षा बलों की हमेशा आवश्यकता रहेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि संघ की स्थापना बिना किसी बाहरी संसाधन के हुई थी और दो बार प्रतिबंध झेलने के बावजूद संगठन समाज के आत्मविश्वास के बल पर आगे बढ़ता रहा। अंत में, उन्होंने पूर्व सैनिकों से संघ के शिविरों और कार्यक्रमों में भाग लेने, स्वयंसेवकों के समर्पित कार्य को देखने और अपनी रुचि व क्षमता के अनुसार सेवा कार्यों से जुड़ने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *