जान्हवी कपूर अपने 29वें जन्मदिन पर नंगे पैर तिरुमाला पहुंचीं, भगवान वेंकटेश्वर का आशीर्वाद लिया

Janhvi Kapoor reached Tirumala barefoot on her 29th birthday, sought blessings of Lord Venkateswara
(Pic credit: Instagram)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: एक्ट्रेस जान्हवी कपूर ने इस साल भी अपने जन्मदिन के मौके पर तिरुमाला जाने की अपनी परंपरा को जारी रखा। भगवान वेंकटेश्वर के आशीर्वाद के लिए उन्होंने अलीपिरी से पैदल यात्रा शुरू की और करीब 11 किलोमीटर लंबे पवित्र मार्ग को पार करते हुए तिरुमाला पहुँचीं।

अलीपिरी का यह पैदल मार्ग लगभग 3,500 से अधिक सीढ़ियों वाला पवित्र तीर्थ मार्ग है, जिसे भक्त आस्था के साथ चढ़कर तिरुमाला वेंकटेश्वर मंदिर पहुँचते हैं। जान्हवी भी इसी रास्ते से रात भर पैदल चलकर तिरुमाला पहुँचीं और आज सुबह भगवान वेंकटेश्वर के पवित्र मंदिर में VIP ब्रेक दर्शन किए।

दर्शन के बाद रंगनायकुला मंडपम में वैदिक विद्वानों ने मंत्रोच्चार के साथ उन्हें आशीर्वाद दिया, जबकि मंदिर प्रशासन की ओर से उन्हें पवित्र तीर्थ प्रसाद भी भेंट किया गया।

भगवान वेंकटेश्वर की गहरी भक्त मानी जाने वाली जान्हवी कपूर खास मौकों पर अक्सर तिरुमाला मंदिर जाती हैं। वह अपनी दिवंगत मां श्रीदेवी के जन्मदिन जैसे अवसरों पर भी यहाँ दर्शन करने आती रही हैं। एक इंटरव्यू में जान्हवी ने बताया था कि वह जब भी कोई नया फिल्म प्रोजेक्ट शुरू करती हैं, तो उसकी स्क्रिप्ट तिरुमाला लेकर जाती हैं। उनका मानना है कि भगवान वेंकटेश्वर का आशीर्वाद उन्हें शक्ति और सफलता प्रदान करता है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में जान्हवी कपूर सफेद कुर्ता पहने और कानों में ईयरफोन लगाए अलीपिरी की सीढ़ियाँ चढ़ती दिखाई दे रही हैं। यात्रा के दौरान उन्होंने वरिष्ठ अभिनेत्री माहेश्वरी के साथ अलीपिरी में पूजा भी की। इसके बाद वह सुरक्षा कर्मियों के साथ पैदल ही पहाड़ी मार्ग से आगे बढ़ीं, रात भर तिरुमाला में रहीं और आज सुबह भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन कर अपनी पूजा-अर्चना पूरी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *