जेसन गिलेस्पी का बड़ा आरोप, ‘अपमानित महसूस किया’, इसी वजह से छोड़ी पाकिस्तान टीम की कोचिंग

Jason Gillespie made a serious accusation, saying he felt 'humiliated', which is why he left the Pakistan team's coaching job.चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बैकरूम स्टाफ में लगातार हो रहे बदलाव थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। कोच, मेंटर और चयनकर्ताओं को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) में ‘म्यूजिकल चेयर्स’ का दौर जारी है। इसी बीच ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज और 2024 में पाकिस्तान टेस्ट टीम के मुख्य कोच रहे जेसन गिलेस्पी ने अपनी विदाई के पीछे की वजहों का खुलासा किया है।

गिलेस्पी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक सवाल-जवाब सत्र के दौरान PCB पर गंभीर आरोप लगाए। जब एक यूजर ने उनसे पूछा कि उन्होंने पाकिस्तान टीम की कोचिंग क्यों छोड़ी, तो गिलेस्पी ने बिना किसी लाग-लपेट के जवाब देते हुए ‘अपमान’ का आरोप लगाया।

गिलेस्पी ने लिखा, “मैं पाकिस्तान टेस्ट टीम का कोच था। PCB ने हमारे सीनियर असिस्टेंट कोच को बिना मुझसे कोई बातचीत किए बर्खास्त कर दिया। हेड कोच होने के नाते यह स्थिति मेरे लिए पूरी तरह अस्वीकार्य थी। इसके अलावा भी कई ऐसे मुद्दे थे, जिनकी वजह से मुझे पूरी तरह अपमानित महसूस हुआ।”

इससे पहले भी गिलेस्पी ने PCB चेयरमैन मोहसिन नक़वी पर निशाना साधा था। उन्होंने ‘कनेक्शन कैंप’ का जिक्र किया, जिसमें ऑस्ट्रेलिया से गिलेस्पी और दक्षिण अफ्रीका से गैरी कर्स्टन खुद मौजूद रहे, लेकिन लाहौर में रहने के बावजूद PCB चेयरमैन मोहसिन नक़वी केवल वर्चुअली शामिल हुए।

गिलेस्पी ने कहा, “गैरी (कर्स्टन) ने कनेक्शन कैंप का बेहतरीन आइडिया दिया था, जिसमें टीम के सभी लोगों ने अपने अनुभव साझा किए। मैं ऑस्ट्रेलिया से आया, गैरी दक्षिण अफ्रीका से आए, लेकिन चेयरमैन मोहसिन नक़वी सिर्फ जूम पर जुड़े। वह लाहौर में रहते हैं, फिर भी नहीं आए। हम दोनों को लगा कि चेयरमैन का 20 मिनट ड्राइव कर यहां न आना काफी अजीब था।”

गिलेस्पी के जाने के बाद भी पाकिस्तान क्रिकेट में हालात ज्यादा नहीं बदले हैं। हाल ही में पीटीआई की एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टेस्ट कोच अजहर महमूद को भी उनके कॉन्ट्रैक्ट के तीन महीने शेष रहते ही पद से हटा दिया है।

लगातार कोचिंग स्टाफ में हो रहे बदलाव और आंतरिक अस्थिरता को लेकर अब PCB एक बार फिर सवालों के घेरे में है, और गिलेस्पी के बयान ने इन विवादों को और हवा दे दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *