दुबई में फंसीं लारा दत्ता, ‘धमाकों और फाइटर जेट्स की आवाज़ से डरावना माहौल’
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अभिनेत्री लारा दत्ता ने दुबई से अपने डरावने अनुभव साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि अचानक बढ़े ईरान और इजरायल के बीच टकराव के कारण वहां का माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया है और वह इन दिनों “स्ट्रेस” और “नर्वस” महसूस कर रही हैं।
लारा दत्ता इस समय अपनी बेटी सायरा के साथ दुबई में हैं। अभिनेत्री ने बताया कि वह एक ब्रांड से जुड़े शूट के लिए दुबई आई थीं, लेकिन हालात अचानक बदल गए और सामान्य ट्रिप एक डरावने अनुभव में बदल गई।
लारा ने बताया कि 28 तारीख को वह दुबई के एक स्टूडियो में शूटिंग कर रही थीं, तभी अचानक तेज धमाकों की आवाज़ सुनाई देने लगी। उन्होंने कहा कि आवाज़ इतनी तेज थी कि सभी लोग स्टूडियो से बाहर निकलकर देखने लगे।
उन्होंने कहा, “हम इस इज़राइल-ईरान युद्ध की शुरुआत से ही दुबई में हैं। UAE पिछले तीन सालों से मेरा दूसरा घर रहा है। 28 तारीख को मैं दुबई के एक स्टूडियो में शूटिंग कर रही थी, तभी ऊपर से धमाकों की आवाज़ आने लगी। हम स्टूडियो से बाहर भागे और आसमान में मिसाइलों को इंटरसेप्ट होते देखा। सच कहूं तो वो कुछ बेहद तनाव भरे पल थे।”
अभिनेत्री ने बताया कि उस समय उनकी बेटी सायरा भी उनके साथ दुबई में थीं, जबकि उनके पति और टेनिस खिलाड़ी महेश भूपति काम के सिलसिले में बाहर थे। उन्होंने राहत जताते हुए कहा कि उस वक्त भूपति दुबई में मौजूद नहीं थे।
लारा ने आगे बताया कि पिछले कुछ दिनों में उन्होंने आसमान में कई फाइटर जेट्स उड़ते देखे और लगातार तेज धमाकों की आवाज़ें भी सुनीं। उन्होंने कहा, “हम काफी नर्वस हैं और माहौल डरावना रहा है। ऊपर से लगातार फाइटर जेट्स उड़ रहे हैं और कई तेज धमाके सुनाई देते हैं। हम एक सुरक्षित इलाके में विला में रहते हैं, लेकिन धमाकों की वजह से खिड़कियां हिलती हैं, दरवाज़े खड़खड़ाते हैं और माहौल डराने वाला हो जाता है।”
हालांकि अभिनेत्री ने यह भी कहा कि डर और तनाव के बावजूद उन्होंने खुद को असुरक्षित महसूस नहीं किया।
लारा दत्ता फिलहाल अपने सभी काम पूरे करके जल्द से जल्द मुंबई लौटने का इंतजार कर रही हैं।
