24 घंटे से भी कम समय में दुबई पर फिर हमला, बगदाद में अमेरिकी दूतावास को बनाया गया निशाना।

Less than 24 hours after the attack on Dubai, the US Embassy in Baghdad has been targeted.चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: अमेरिका-इज़राइल-ईरान के बीच जारी युद्ध के 15वें दिन दुबई से एक बड़ी खबर सामने आई है। दुबई के वित्तीय केंद्र में स्थित एक इमारत पर इंटरसेप्ट किए गए हमले का मलबा गिर गया। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है और न ही आग लगने की कोई घटना हुई।

दुबई मीडिया ऑफिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी देते हुए बताया कि इंटरसेप्शन के बाद गिरे मलबे से दुबई के सेंट्रल इलाके की एक इमारत के बाहरी हिस्से को नुकसान पहुंचा है। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

24 घंटे में दूसरी घटना

यह 24 घंटे के भीतर दूसरी ऐसी घटना बताई जा रही है। शुक्रवार को भी दुबई के सेंट्रल इलाके में एक इमारत के सामने वाले हिस्से को इंटरसेप्ट किए गए हमले के मलबे से नुकसान पहुंचा था। घटना के समय इलाके में जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी।

दुबई इंटरनेशनल फाइनेंशियल सेंटर (DIFC) के पास रहने वाले एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि वह नींद से अचानक उठ गया। उसने कहा, “यह मेरे जीवन की सबसे तेज आवाज थी। मुझे लगा कि कोई बड़ी विनाशकारी घटना हुई है और जमीन तक हिल गई।”

AP की रिपोर्ट केअनुसार, एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उसने दो बड़े धमाकों की आवाज सुनी, जिससे आसपास की इमारतें हिल गईं और इलाके में काले धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दिया।

बगदाद में अमेरिकी दूतावास पर ड्रोन हमला

इसी बीच इराक की राजधानी बगदाद में स्थित अमेरिकी दूतावास पर भी ड्रोन हमला होने की खबर है। एक इराकी सुरक्षा अधिकारी के मुताबिक एक ड्रोन दूतावास परिसर से टकराया, जिसके बाद वहां धुआं उठता देखा गया।

सूत्रों के अनुसार यह हमला सीधे अमेरिकी दूतावास को निशाना बनाकर किया गया था। फिलहाल घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं।  मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के कारण पूरे क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है और कई देशों में संभावित हमलों को लेकर निगरानी कड़ी कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *