मनोज मुंतशिर का अनुराग कश्यप को खुला चैलेंज: “ब्राह्मण विरासत को गंदे विचारों से नहीं कलंकित किया जा सकता”
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: फिल्ममेकर अनुराग कश्यप द्वारा सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समुदाय के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद विवाद गहराता जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को प्रसिद्ध गीतकार और लेखक मनोज मुंतशिर ने एक वीडियो जारी कर अनुराग कश्यप को जमकर आड़े हाथों लिया और उन्हें एक खुला चैलेंज दे डाला।
मनोज मुंतशिर ने अपने वीडियो में कहा, “अगर आपकी आमदनी कम है तो खर्चों पर काबू रखें, और अगर जानकारी कम है तो शब्दों पर लगाम लगाएं। अनुराग कश्यप, आपकी जानकारी और आमदनी दोनों सीमित हैं। आपके जैसे लोग ब्राह्मण विरासत को एक इंच भी गंदा नहीं कर सकते।”
उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि ब्राह्मण समुदाय के लोग खुशी-खुशी उनकी मानसिक बीमारी का इलाज कराने के लिए पैसे जुटा लेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि ब्राह्मणों की विरासत इतनी मजबूत है कि उसे किसी एक टिप्पणी या गंदे विचार से नहीं डिगाया जा सकता।
मनोज मुंतशिर ने वीडियो में अनुराग कश्यप को चुनौती देते हुए कहा कि वह उनकी सूची में से किसी भी प्रसिद्ध ब्राह्मण व्यक्तित्व का नाम चुनें, और अगर हिम्मत हो तो उस पर अपने कथन को अमल में लाकर दिखाएं। उन्होंने कहा,
“मैं एक ब्राह्मण होकर आपको खुला चैलेंज देता हूं — मेरी दी गई 21 नामों की सूची में से किसी एक का नाम चुनिए, मैं उसकी तस्वीर आपके घर भिजवाऊंगा। अगर हिम्मत नहीं है, तो अपनी हद में रहना सीखिए।”
उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई, बाल गंगाधर तिलक, आचार्य चाणक्य, पेशवा बाजीराव, रामकृष्ण परमहंस, मंगल पांडे, अटल बिहारी वाजपेयी, रामधारी सिंह दिनकर, तात्या टोपे, परमवीर चक्र विजेता कैप्टन मनोज पांडे, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, संगीत सम्राट तानसेन, लता मंगेशकर, महाकवि कालिदास और गोस्वामी तुलसीदास जैसे ऐतिहासिक ब्राह्मण व्यक्तित्वों का उल्लेख किया, जिन्होंने देश के निर्माण, संस्कृति और विविधता में अहम योगदान दिया।
विवाद की शुरुआत तब हुई जब अनुराग कश्यप ने फिल्म फुले को लेकर उठे विरोध का समर्थन करते हुए जातिवाद पर एक सोशल मीडिया पोस्ट में ब्राह्मणों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की।
यह मामला लगातार तूल पकड़ रहा है और सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक इस पर बहस छिड़ गई है। देखना यह होगा कि आने वाले दिनों में इस विवाद का अंत किस मोड़ पर होता है।