‘मर्दानी 3’ की शिवानी शिवाजी रॉय लाखों महिलाओं को देती हैं ताकत: शरवरी

'Mardaani 3's Shivani Shivaji Roy empowers millions of women: Sharvariचिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: अभिनेत्री शरवरी ने हाल ही में रानी मुखर्जी की फिल्म ‘मर्दानी 3’ देखने के बाद उनकी जमकर सराहना की है। शरवरी का कहना है कि वह बचपन से ही रानी मुखर्जी को अलग-अलग दमदार किरदारों में देखती आई हैं और ‘मर्दानी’ फ्रेंचाइज़ी में रानी का किरदार शिवानी शिवाजी रॉय न सिर्फ उन्हें, बल्कि लाखों महिलाओं को सशक्त बनाता है।

शरवरी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें बड़े पर्दे पर ‘मर्दानी 3’ चलती नजर आ रही है। इसके साथ उन्होंने लिखा, “आज रात मर्दानी 3 देखी। मैंने रानी मैम को बचपन से कई तरह के किरदारों में देखा है, लेकिन शिवानी शिवाजी रॉय सिर्फ मुझ जैसी लाखों महिलाओं को ताकत नहीं देतीं, बल्कि अच्छाई की लड़ाई में मेरा विश्वास भी और मजबूत करती हैं।”

फिल्म को “पावरफुल” बताते हुए शरवरी ने निर्देशक अभिराज मिनावाला को बधाई दी और पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।

वर्कफ्रंट की बात करें तो शरवरी इन दिनों निर्देशक इम्तियाज अली की अगली फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस फिल्म में दिलजीत दोसांझ, वेदांग रैना, शरवरी और नसीरुद्दीन शाह नजर आएंगे। यह फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

फिल्म के निर्माताओं ने 29 जनवरी को सोशल मीडिया पर रिलीज डेट का ऐलान करते हुए बताया कि यह प्यार और तड़प की एक समकालीन और भावनात्मक कहानी होगी। इस प्रोजेक्ट के साथ एक बार फिर ए.आर. रहमान, इरशाद कामिल और इम्तियाज अली की चर्चित तिकड़ी साथ काम कर रही है।

इसके अलावा शरवरी यशराज फिल्म्स के स्पाई थ्रिलर ‘अल्फा’ में भी नजर आएंगी, जिसमें उनके साथ आलिया भट्ट, बॉबी देओल और अनिल कपूर अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म अब 17 अप्रैल 2026 को रिलीज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *