बढ़ते तनाव के बीच दुबई से नरगिस फाखरी का भावुक पोस्ट, “डर और अनिश्चितता ने नींद छीन ली”
चिरौरी न्यूज
मुंबई: पश्चिम एशिया में इज़राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर आम लोगों के साथ-साथ सेलिब्रिटीज़ पर भी दिखाई दे रहा है। इसी बीच बॉलीवुड अभिनेत्री नरगिस फाखरी ने दुबई से एक भावुक पोस्ट साझा कर अपनी मानसिक स्थिति के बारे में खुलकर बात की है।
नरगिस इस समय दुबई में हैं और उन्होंने अपने होटल की बालकनी से एक तस्वीर इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा की, जिसमें उन्होंने लोकेशन ‘डाउनटाउन दुबई’ जियोटैग की। अपने पोस्ट में अभिनेत्री ने बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के बीच महसूस हो रही बेचैनी और अनिश्चितता को बयान किया।
उन्होंने लिखा, “चाहे कुछ भी हो, एंग्जायटी और डर की यह भावना बनी रहती है, क्योंकि आपको नहीं पता कि आगे क्या होने वाला है।”
नरगिस ने बताया कि यह अनिश्चितता उन्हें अंदर से बेचैन कर रही है। उन्होंने एक बेचैन रात का जिक्र करते हुए लिखा कि देर रात तक उनका दिमाग शांत नहीं हो पा रहा था। “सो भी नहीं पा रही हूं। आपका दिमाग हाई अलर्ट पर है। इतनी देर हो चुकी है और मैं पूरी तरह जाग रही हूं,” उन्होंने अपनी स्टोरी में लिखा।
गौरतलब है कि क्षेत्र में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। लोकल टेलीविजन चैनल Al Jadeed के अनुसार, दिन में पहले इज़राइली लड़ाकू विमानों ने बेरूत के दक्षिणी इलाकों में बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए। इसके कुछ घंटों बाद लेबनानी क्षेत्र से इज़राइल की ओर रॉकेट दागे जाने की खबर भी सामने आई।
लगातार हो रहे हमलों और अनिश्चित माहौल ने पूरे क्षेत्र में चिंता का वातावरण पैदा कर दिया है। ऐसे समय में नरगिस फाखरी का यह पोस्ट इस बात को उजागर करता है कि युद्ध जैसे हालात सिर्फ सीमाओं तक सीमित नहीं रहते, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य पर भी गहरा असर डालते हैं।
