‘कॉफी विद करण’ का पुराना क्लिप वायरल: जब कंगना रनौत को अक्षय खन्ना ने किया था इग्नोर
चिरौरी न्यूज
मुंबई: अभिनेता अक्षय खन्ना इन दिनों अपनी हालिया फिल्म धुरंधर में दमदार प्रदर्शन को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच कॉफी विद करण का एक पुराना क्लिप सोशल मीडिया पर फिर से वायरल हो गया है, जिसमें कंगना रनौत ने खुलासा किया था कि उन्होंने कभी अक्षय खन्ना से फ्लर्ट करने की कोशिश की थी, लेकिन उन्हें कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
जब कंगना ने लिया था अक्षय का नाम
यह वाकया कॉफी विद करण के सीजन 3 का है, जब कंगना रनौत शो में अनिल कपूर और संजय दत्त के साथ पहुंची थीं। बातचीत के दौरान होस्ट करण जौहर ने कंगना से पूछा था कि क्या उन्होंने कभी किसी से फ्लर्ट करने की कोशिश की और सामने वाले ने उन्हें पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया हो?
इस पर कंगना ने बिना झिझक अक्षय खन्ना का नाम लिया। उन्होंने कहा, “मैंने उनसे बात करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कभी मुझसे बात नहीं की। वो किसी से बात नहीं करते।”
कंगना की बात का समर्थन करते हुए अनिल कपूर ने मजाकिया अंदाज में कहा, “हां, इसने मुझसे कहा था—यार, ये मेरी तरफ देखता भी नहीं है।” यह खुलासा सुनकर शो में मौजूद दर्शक और मेहमान दोनों हंस पड़े थे। गौरतलब है कि कंगना और अक्षय ने 2010 में आई फिल्म नो प्रॉब्लम में साथ काम किया था।
रिजर्व नेचर के लिए मशहूर हैं अक्षय
अक्षय खन्ना लंबे समय से अपने शांत और संकोची स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। उनके कई सह-कलाकारों ने भी बताया है कि वह सेट पर ज्यादा बातचीत नहीं करते और अपने काम पर फोकस रखना पसंद करते हैं। छोटी-मोटी गपशप से दूर रहना और अपने जोन में रहना उनकी पहचान का हिस्सा माना जाता है।
आने वाले प्रोजेक्ट्स
फिलहाल अक्षय खन्ना को आदित्य धर की स्पाई थ्रिलर धुरंधर में उनके अभिनय के लिए खूब सराहना मिल रही है। इस फिल्म में उन्होंने रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और आर माधवन जैसे कलाकारों के साथ स्क्रीन शेयर की है। आने वाले समय में अक्षय तेलुगु सिनेमा में भी डेब्यू करने जा रहे हैं। वह पीवीसीयू फिल्म महाकाली में शुक्राचार्य की भूमिका निभाएंगे।
इसके अलावा, वह नेटफ्लिक्स की कोर्टरूम ड्रामा इक्का में नजर आएंगे, जिसमें उनके साथ सनी देओल भी होंगे। खास बात यह है कि बॉर्डर के 29 साल बाद दोनों कलाकार फिर से साथ काम करते दिखेंगे।
