एक दिन पीओके खुद कहेगा ‘मैं भारत हूं’: राजनाथ सिंह
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) बिना किसी आक्रामक कदम के भारत के पास वापस आएगा, क्योंकि वहां की जनता खुद वर्तमान प्रशासन से आज़ादी की मांग कर रही है। मोरक्को में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “PoK अपने आप हमारा होगा। वहां नारेबाज़ी शुरू हो चुकी है, आपने सुना ही होगा।”
उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पांच साल पहले कश्मीर घाटी में भारतीय सेना के एक कार्यक्रम में भी उन्होंने यही बात कही थी कि हमें PoK पर हमला करने या कब्जा करने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी, वह खुद कहेगा, ‘मैं भी भारत हूं’, और वह दिन जरूर आएगा। रक्षा मंत्री के इस बयान से पहले विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार पर यह आरोप लगाया था कि 7 मई को हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान जब भारतीय वायुसेना ने कई पाकिस्तानी जेट विमानों को मार गिराया था, उस समय भारत के पास PoK पर कब्जा करने का एक सुनहरा अवसर था, लेकिन सरकार ने युद्धविराम के लिए सहमति देकर वह मौका गंवा दिया।
राजनाथ सिंह फिलहाल दो दिवसीय मोरक्को दौरे पर हैं, जहां उन्होंने टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स की नई ‘व्हील्ड आर्मर्ड प्लेटफॉर्म (WhAP) 8×8’ निर्माण इकाई का उद्घाटन किया, जो अफ्रीका में भारत का पहला रक्षा निर्माण संयंत्र है। यह किसी भारतीय रक्षा मंत्री की मोरक्को की पहली आधिकारिक यात्रा है। मंत्री ने इस नई इकाई को भारत की रक्षा औद्योगिक क्षमताओं के वैश्विक विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
अपनी यात्रा के दौरान रक्षा मंत्री मोरक्को के अपने समकक्ष अब्देलतीफ लूदयी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग के क्षेत्र में एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है, जिससे द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को मजबूती मिलेगी और प्रशिक्षण, औद्योगिक सहयोग, और सैन्य आदान-प्रदान को संस्थागत ढांचा मिलेगा। हाल के वर्षों में भारतीय नौसेना के जहाज़ नियमित रूप से कासाब्लांका बंदरगाह पर पहुंचते रहे हैं और यह समझौता उन संबंधों को और मज़बूत करेगा।
