एशिया कप में हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने विदेशी टी20 लीगों के लिए एनओसी निलंबित किया

Pakistan Cricket Board suspends NOCs for foreign T20 leagues after Asia Cup debacleचिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपने क्रिकेटरों को विदेशी टी20 लीग में खेलने से रोकने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। बोर्ड ने अपने उन खिलाड़ियों को अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) देने से इनकार कर दिया है जो पाकिस्तान के बाहर फ्रैंचाइज़ी लीग में खेलना चाहते हैं।

यह कदम एशिया कप 2025 में भारत द्वारा पाकिस्तान को 15 दिनों के भीतर तीन बार परास्त किए जाने के बाद उठाया गया है, जिसमें टूर्नामेंट का फाइनल भी शामिल है। पाकिस्तानी टीम खेल के सभी विभागों में भारत के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करने में असमर्थ रही, सिवाय फाइनल के, जहाँ उन्होंने कुछ संघर्ष दिखाया और आखिरी ओवर तक मैच में बने रहे।

सूत्रों के अनुसार, पीसीबी के मुख्य परिचालन अधिकारी सुमैर अहमद सैयद द्वारा जारी एक अधिसूचना में कहा गया है कि विदेशी लीग और टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए सभी एनओसी तत्काल प्रभाव से और अगले आदेश तक स्थगित कर दिए गए हैं।

एशिया कप में जब भी पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैदान पर उतरा, क्रिकेट के स्तर में अंतर साफ दिखाई दिया। अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय ढांचे को फिर से बनाने की कोशिश कर रहे पाकिस्तान को खेल के सभी विभागों में, खासकर बल्लेबाजी के मामले में, कमजोर पाया गया।

मौजूदा पीढ़ी के स्टार खिलाड़ी – सैम अयूब, कप्तान आगा सलमान और मोहम्मद हारिस – ज़्यादातर मैचों में पाकिस्तानी लाइन-अप को गति देने में नाकाम रहे, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें भारत के खिलाफ बड़ी हार का सामना करना पड़ा। फाइनल में पाकिस्तानी टीम ने शीर्ष क्रम की शानदार साझेदारी से भारत को मुश्किल में डाल दिया था, लेकिन अंत में अपने आखिरी 9 विकेट सिर्फ़ 33 रन पर गंवा दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *