पाकिस्तान सुपर लीग कमेंटेटर आईपीएल कमेंट्री पैनल में शामिल, PCB और नकवी के लिए बढ़ी शर्मिंदगी
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 का आगाज भले ही मैदान पर हुआ हो, लेकिन टूर्नामेंट के बाहर की घटनाओं ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और इसके पदाधिकारियों मोहसिन नकवी के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। अब ताज़ा मामला कमेंट्री पैनल से जुड़ा है, जिसने बोर्ड की चिंताओं को और बढ़ाया है।
इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर निक नाइट, जिन्हें हाल ही में PSL के कमेंट्री पैनल में शामिल किया गया था, अब IPL के आधिकारिक ब्रॉडकास्टर पैनल का भी हिस्सा बन गए हैं। इससे यह संकेत मिल रहा है कि न सिर्फ खिलाड़ी, बल्कि कमेंटेटर भी PSL से दूरी बनाने लगे हैं।
गौरतलब है कि टूर्नामेंट की शुरुआत ही फीकी रही। Lahore Qalandars और Hyderabad Kingsmen के बीच लाहौर के Gaddafi Stadium में खेले गए मैच में दर्शकों की गैरमौजूदगी ने हालात की गंभीरता को उजागर किया। ईंधन बचाने के लिए पाकिस्तान सरकार द्वारा लागू सख्त कदमों के चलते उद्घाटन समारोह भी रद्द करना पड़ा।
स्थिति तब और बिगड़ गई जब कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने PSL छोड़कर IPL का रुख करना शुरू कर दिया। जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी जिन्हें इस्लामाबाद यूनाइटेड ने शामिल किया था, उन्होंने PSL छोड़कर कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ करार कर लिया।
इसी तरह श्रीलंका के कप्तान दसुन शनाका, जो लाहौर कलंदर्स का हिस्सा थे, अब राजस्थान रॉयल्स से जुड़ने वाले हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन, जो पहले क्वेटा ग्लैडिएटर्स के साथ करार किया था, अब चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा बन चुके हैं।
इन घटनाओं से नाराज़ नकवी ने PSL छोड़कर IPL जाने वाले खिलाड़ियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। उन्होंने कहा कि कुछ खिलाड़ियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की तैयारी की जा रही है।
लगातार खिलाड़ियों और अब कमेंटेटर्स के PSL छोड़ने से PCB के सामने गंभीर चुनौती खड़ी हो गई है। यह स्थिति न सिर्फ लीग की साख पर असर डाल रही है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पाकिस्तान क्रिकेट प्रशासन की छवि को नुकसान पहुंचा रही है।
