बंगाल के लिए पीएम मोदी की 6 गारंटियां और तृणमूल पर ‘हिसाब’ का तंज
चिरौरी न्यूज
कोलकाता: हाल्दिया में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बंगाल में कट, लूट और तुष्टिकरण की संस्कृति टीएमसी सरकार की पहचान बन चुकी है। उन्होंने राज्य में भाजपा की ‘डबल इंजन सरकार’ के गठन का समर्थन करते हुए कहा कि असली प्रगति तब आती है जब प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री साथ मिलकर काम करें, क्योंकि इसका सीधा लाभ जनता को मिलता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने छह बड़े वादे किए और टीएमसी पर निशाना साधा। पहला वादा भय का माहौल समाप्त करने का था, उन्होंने कहा कि टीएमसी डर फैलाती है और लोग न्याय के लिए अदालतों की शरण लेते हैं, भाजपा सरकार इस डर को विश्वास में बदलकर कानून के शासन में जनता का भरोसा बहाल करेगी। दूसरा वादा सरकारी प्रणाली को जवाबदेह बनाने का था।
तीसरा वादा भ्रष्टाचार और अन्याय के सभी फाइलें खोलने का था। चौथा वादा सभी दोषियों को कानून के सामने लाने का था, चाहे वह मंत्री हो या गार्ड, कोई भी टीएमसी का गुंडा बच नहीं पाएगा। पांचवां वादा शरणार्थियों को संविधान के तहत सभी अधिकार देने और घुसपैठियों को बाहर करने का था। छठा वादा 7वें वेतन आयोग को लागू करने का था।
प्रधानमंत्री ने अपने “सबका साथ, सबका विकास” के संदेश को दोहराया, लेकिन बंगाल में चेतावनी दी कि यहाँ हिसाब भी होगा, जो बंगाल को लूटे हैं उनका हिसाब होगा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार बंगाल को मछलीपालन और खाद्य उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाएगी और राज्य में विकास का रास्ता खोलेगी। बंगाल में चुनाव दो चरणों में होंगे, 23 और 29 अप्रैल को, और मतों की गिनती 4 मई को होगी।
