रश्मि देसाई ने अमित शाह और ममता बनर्जी से जुड़ा पोस्ट हटाया, ‘किसी की भावनाएं आहत करने का इरादा नहीं था’

Rashami Desai deleted an AI-generated post related to Amit Shah and Mamata Banerjee, stating, "There was no intention to hurt anyone's feelings."
(Pic: Rashmi Desai/Instagram)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: टेलीविजन अभिनेत्री रश्मि देसाई ने गृह मंत्री अमित शाह और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से जुड़ा एक AI-जनरेटेड पोस्ट अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से हटा लिया है। यह कदम उस समय उठाया गया जब पोस्ट की सामग्री को लेकर आपत्तियां जताई गईं और इसे अनुचित व भ्रामक बताया गया।

रश्मि ने इंस्टाग्राम पर जानकारी दी कि उन्हें एक ईमेल के माध्यम से इस पोस्ट को लेकर चिंता जताई गई थी। ईमेल में कहा गया था कि साझा की गई तस्वीरों में वरिष्ठ संवैधानिक पदों पर बैठे नेताओं को आपत्तिजनक, मानहानिकारक और भ्रामक तरीके से दर्शाया गया है।

रश्मि द्वारा साझा किए गए ईमेल के स्क्रीनशॉट में लिखा था, “आपके द्वारा पोस्ट की गई तस्वीरों में भारत के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को अशोभनीय, मानहानिकारक और भ्रामक तरीके से दर्शाया गया है। भारतीय कानून के तहत संवैधानिक पदों पर आसीन व्यक्तियों की गरिमा और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाली सामग्री साझा करने पर गंभीर कानूनी परिणाम हो सकते हैं, भले ही वह व्यंग्य या मज़ाक के रूप में क्यों न की गई हो।”

ईमेल में यह भी आग्रह किया गया था कि संभावित कानूनी कार्रवाई, पुलिस शिकायत और नियामक जांच से बचने के लिए पोस्ट को तुरंत हटाया जाए।

मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए रश्मि देसाई ने स्पष्ट किया कि उनका किसी की भावनाओं या संवेदनाओं को आहत करने का कोई इरादा नहीं था। उन्होंने कहा कि वह युवाओं को सोशल मीडिया पर सक्रिय होकर महत्वपूर्ण मुद्दों पर संवाद करते देख खुश हैं, लेकिन जिम्मेदारी के साथ अपनी बात रखना भी जरूरी है।

रश्मि ने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, “इंस्टाग्राम पर युवाओं को इतना सक्रिय देखकर बेहद खुशी होती है। AI-जनरेटेड स्टोरी हटा दी गई है। मेरा किसी की भावनाओं या संवेदनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। मुझे खुशी होगी अगर युवा हमेशा सही समय पर सही मुद्दों के लिए आवाज उठाएं।”

गौरतलब है कि रश्मि देसाई ने साल 2006 में टीवी शो रावण से हिंदी टेलीविजन में कदम रखा था। इसके बाद वह परी हूं मैं में ड्यूल रोल में नजर आईं। उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता धारावाहिक उतरन से मिली। इसके अलावा रश्मि कई रियलिटी शोज़ में भी हिस्सा ले चुकी हैं, जिनमें जरा नचके दिखा 2, झलक दिखला जा 5, फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी 6, नच बलिए 7 और बिग बॉस 13 शामिल हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *