अभिषेक शर्मा और हारिस रऊफ के बीच तीखी बहस में रिंकू सिंह की एंट्री, पाकिस्तानी खिलाड़ियों को दिया करारा जवाब

Rinku Singh intervened in the heated exchange between Abhishek Sharma and Haris Rauf, giving a befitting reply to the Pakistani players.चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में एक बार फिर मैदान पर भावनाएं बेकाबू होती नजर आईं। लेकिन इस बार चर्चा का केंद्र न सिर्फ बल्लेबाज़ी या गेंदबाज़ी रही, बल्कि मैदान पर हुई गरमागरम बहस और उसके बाद की घटनाएं भी सुर्खियों में हैं। खासकर भारतीय ऑलराउंडर रिंकू सिंह की समय पर एंट्री ने एक बड़े विवाद को टलने से बचा लिया।

अभिषेक शर्मा और हारिस रऊफ में तीखी तकरार

मैच के दौरान जब भारत 172 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रहा था, तो शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। गिल ने एक ओवर की आखिरी गेंद पर हारिस रऊफ पर शानदार फॉरवर्ड प्रेस पुल शॉट लगाया, जिससे पाकिस्तानी गेंदबाज़ बौखला गए।

इसी दौरान, नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े अभिषेक शर्मा ने रऊफ पर तीखी टिप्पणी कर दी, जिससे माहौल और गरम हो गया। रऊफ ने भी पलटकर जवाब दिया, और दोनों खिलाड़ियों के बीच बहस बढ़ने लगी। मामला बिगड़ने की कगार पर था कि तभी रिंकू सिंह पानी लेकर मैदान में दौड़े और स्थिति को संभालने की कोशिश की।

वीडियो फुटेज में साफ देखा गया कि रिंकू ने न केवल गिल को गर्म माहौल से बाहर खींचा, बल्कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों को भी उनकी ही भाषा में जवाब देते हुए स्थिति को नियंत्रण में लाने की कोशिश की। इसके बाद रिंकू सिंह ने दोनों भारतीय बल्लेबाज़ों से बात कर उन्हें शांत किया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ रऊफ का विवादित इशारा

इस घटना के बाद भी हारिस रऊफ का गुस्सा शांत नहीं हुआ। दूसरी पारी में बाउंड्री लाइन पर फील्डिंग करते समय उन्होंने भारतीय दर्शकों की हूटिंग का जवाब एक विवादास्पद इशारे से दिया। रऊफ ने अपनी उंगलियाँ दिखाकर “0-6” का संकेत किया, जो पाकिस्तान के उस झूठे दावे की ओर इशारा था जिसमें उन्होंने कहा था कि मई 2025 में “ऑपरेशन सिंदूर” के दौरान उन्होंने छह भारतीय लड़ाकू विमान मार गिराए थे।

रऊफ के इस इशारे का वीडियो कुछ ही समय में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। भारतीय प्रशंसकों ने इस हरकत को “गंभीर रूप से अपमानजनक” बताते हुए उनकी कड़ी आलोचना की। क्रिकेट एक्सपर्ट्स और पूर्व खिलाड़ी भी इस पर नाराज़गी जाहिर कर चुके हैं।

बीसीसीआई और एसीसी की नजरें अब फुटेज पर

फिलहाल बीसीसीआई और एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) इस पूरे मामले की वीडियो फुटेज की समीक्षा कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, इस विवाद में शामिल खिलाड़ियों पर जुर्माना या सस्पेंशन जैसी अनुशासनात्मक कार्रवाई भी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *