दिशा पाटनी और पंजाबी सिंगर तलविंदर की डेटिंग की चर्चाएं तेज, मुंबई रिसेप्शन में पैप्स से बनाई दूरी

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी और पंजाबी सिंगर तलविंदर एक बार फिर अपने कथित रिश्ते को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह बना नूपुर सैनन और स्टीबिन बेन का मुंबई में आयोजित भव्य वेडिंग रिसेप्शन, जहां दोनों की बेहद सतर्क मौजूदगी ने फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींच लिया।
दरअसल, इससे कुछ ही दिन पहले उदयपुर में शादी की रस्मों के दौरान दिशा और तलविंदर को हाथों में हाथ डाले देखा गया था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और तभी से दोनों के डेटिंग रूमर्स को और हवा मिल गई।
अलग-अलग एंट्री, साथ दिखने से परहेज
मुंबई रिसेप्शन के दौरान दिशा और तलविंदर ने कैमरों से दूरी बनाए रखने की पूरी कोशिश की। दिशा ने जहां बैकलेस रेड गाउन में ग्लैमरस एंट्री की, वहीं तलविंदर कुछ देर बाद क्लासिक ब्लैक सूट में नजर आए।
वायरल वीडियोज में देखा गया कि तलविंदर ने ब्लैक मास्क से अपना चेहरा ढक रखा था और वह लगातार पैपराजी से बचते दिखे। अंदर कार्यक्रम में दिशा ने अपनी करीबी दोस्त मौनी रॉय के साथ स्टेज पर पोज़ दिए, जबकि मौनी को तलविंदर की मदद करते हुए भी देखा गया। एक वीडियो में मौनी, तलविंदर को बाहर की ओर ले जाती नजर आईं, मानो यह सुनिश्चित कर रही हों कि दोनों एक साथ कैमरे में कैद न हों।
जाते वक्त खुला राज?
हालांकि, रात के अंत तक यह रणनीति ज्यादा देर नहीं टिक पाई। दिशा और तलविंदर को एक ही कार में साथ निकलते देखा गया। कार की पिछली सीट पर बैठे तलविंदर ने फिर से अपना चेहरा छिपाने की कोशिश की, लेकिन इससे दोनों के रिश्ते को लेकर अटकलें और तेज हो गईं।
यह रिसेप्शन पूरी तरह स्टार-studded रहा। सलमान खान, कृति सैनन, आशुतोष गोवारिकर, रमेश तुरानी, करिश्मा तन्ना, आनंद एल राय और अर्जुन बिजलानी समेत कई नामचीन हस्तियां शामिल हुईं।
दुल्हन नूपुर सैनन मरून ऑफ-शोल्डर गाउन और रेड ज्वेलरी में बेहद खूबसूरत लगीं, जबकि दूल्हे स्टीबिन बेन ने ब्लैक शिमरी शेरवानी में उनका साथ दिया। कृति सैनन भी ऑलिव ग्रीन साड़ी में स्टेज पर नवविवाहित जोड़े के साथ नजर आईं।
अटकलें बरकरार, चुप्पी कायम
हाल ही में दिशा पाटनी को गोवा में एक अनजान शख्स के साथ कार में भी देखा गया था, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर कयास लगाए जा रहे हैं कि वह तलविंदर ही थे। हालांकि, अब तक दिशा या तलविंदर में से किसी ने भी इन डेटिंग रूमर्स पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
गौरतलब है कि दिशा का नाम पहले टाइगर श्रॉफ के साथ जुड़ चुका है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों का ब्रेकअप 2022 के मध्य में हुआ था, हालांकि उन्होंने कभी अपने रिश्ते को आधिकारिक तौर पर स्वीकार नहीं किया। टाइगर ने बाद में कॉफी विद करण में खुद को सिंगल बताया था। दिलचस्प बात यह है कि दिशा आज भी टाइगर के परिवार के साथ अच्छा रिश्ता साझा करती हैं और उनकी मां आयशा श्रॉफ व बहन कृष्णा श्रॉफ के साथ सोशल मीडिया पर अक्सर बातचीत करती नजर आती हैं।
