नाबालिग लड़की को 20 बार चाकू घोंपने वाला दरिंदा साहिल उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: दिल्ली में 16 वर्षीय लड़की की नृशंस हत्या के आरोपी साहिल को पुलिस ने सोमवार (29 मई) को गिरफ्तार कर लिया। रोहिणी के शाहबाद डेयरी इलाके के एक सीसीटीवी फुटेज में उसे नाबालिग पर कई बार वार करते हुए देखा गया था।
साहिल को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में गिरफ्तार किया गया था। 20 वर्षीय फ्रिज-एसी रिपेयरिंग मैकेनिक था। साहिल और नाबालिग पीड़ित कथित तौर पर दोस्त थे। इस जघन्य हत्या से एक दिन पहले उनके बीच विवाद हुआ था।
आरोपी की गिरफ्तारी पर दिल्ली पुलिस उपायुक्त सुमन नलवा ने कहा, “साहिल एसी और रेफ्रिजरेटर के लिए मैकेनिक के रूप में काम करता था। आगे की जांच चल रही है, हम यह सुनिश्चित करेंगे कि आरोपी को अधिकतम सजा दी जाए।”
जब 16 वर्षीया अपनी सहेली के बेटे के जन्मदिन के लिए जा रही थी, साहिल ने उसका सामना किया और उसे कई बार चाकू मारा। चाकू पीड़िता की खोपड़ी में भी फंस गया। इसके बाद साहिल ने पास में पड़े एक बोल्डर को उठा लिया और उसके सिर पर पांच बार वार कर दिया।
साहिल के खिलाफ थाने शाहबाद डेयरी में आईपीसी की धारा 302 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
फुटेज में दिखाया गया कि लोग वहां से गुजर रहे थे जहां लड़की को बेरहमी से मार डाला गया था। इस घटना की दिल्ली महिला आयोग (DCW) की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने आलोचना की। उन्होंने कहा कि दिल्ली महिलाओं के लिए “बेहद असुरक्षित” हो गई है।