संजीव गोयनका का LSG के नए बैटिंग सेंसेशन मुकुल चौधरी के साथ पिता जैसा पल

Sanjiv Goenka shares a fatherly moment with LSG's new batting sensation Mukul Choudharyचिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के युवा बल्लेबाज़ मुकुल चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को एक रोमांचक जीत दिलाई। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आईपीएल 2026 के मुकाबले में मुकुल ने 27 गेंदों पर नाबाद 54 रन बनाए और 181 रन के लक्ष्य का सफल पीछा कराया। यह मुकाबला इडेन गार्डेन्स में खेला गया।

मैच के बाद टीम के मालिक संजीव गोएनका मैदान पर आए और मुकुल चौधरी से गर्मजोशी से मुलाकात की। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में गोयनका को मुकुल की तारीफ करते हुए और उनसे लंबे समय तक बातचीत करते हुए देखा गया। उनका यह अंदाज़ किसी पिता की तरह स्नेहपूर्ण नजर आया, जिसने इस पल को और खास बना दिया।

मैच के बाद मुकुल ने अपनी क्रिकेट यात्रा के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि उनके पिता का सपना था कि उनका बेटा क्रिकेटर बने, यहां तक कि शादी से पहले ही उन्होंने यह सपना देखा था। मुकुल ने कहा, “शुरुआत में हमारी आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं थी। मैंने 12-13 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया। झुंझुनूं में ज्यादा अकादमियां नहीं थीं, इसलिए मैं जयपुर चला गया।”

उन्होंने आगे बताया कि टी20 क्रिकेट के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए उन्होंने खुद को ढालने के लिए गुरुग्राम में 3-4 महीने बिताए। दबाव के बारे में बात करते हुए मुकुल ने कहा कि वह इसे दबाव नहीं बल्कि एक अवसर मानते हैं। उन्होंने कहा, “मेरा प्लान अंत तक खेलने का था और मुझे भरोसा था कि अगर मैं अंत तक टिक गया तो टीम को जिता सकता हूं।”

मैच के अंतिम क्षणों को याद करते हुए उन्होंने कहा, “मुझे पता था कि एक गेंद मेरे एरिया में आएगी और मुझे सिर्फ एक छक्का लगाना है। बचपन से ही मैं हिटिंग करता आया हूं, अगर गेंद मेरे एरिया में होती है तो मैं उसे जोर से मारता हूं।”

मुकुल चौधरी की इस शानदार पारी और आत्मविश्वास भरे रवैये ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया है, और लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए एक नए मैच-विनर के रूप में उभारा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *