शोएब अख्तर ने बताया पाकिस्तान की भारत से हार की असली वजह, दबाव में बिखर जाती है टीम

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: T20 विश्व कप 2026 में भारत के खिलाफ 61 रन की करारी हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम की तीखी आलोचना हो रही है। इस बीच पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने टीम के प्रदर्शन पर खुलकर टिप्पणी की है। उनका मानना है कि भारत के खिलाफ मैचों में पाकिस्तान मानसिक दबाव में आकर “बोग्ड डाउन” हो जाता है।
अख्तर ने कहा, “दुर्भाग्य से हम भारत से इसलिए हार रहे हैं क्योंकि हम दबाव में फंस जाते हैं। इसके अलावा कोई और वजह नहीं है। टीम चयन भी सही नहीं है। मुझे समझ नहीं आता कि हम क्या कर रहे हैं। वरना इस समय हमारे पास ऐसी टीम है जो दुनिया की किसी भी टीम को हरा सकती है।”
भारत के खिलाफ ग्रुप चरण के मुकाबले में पाकिस्तान को 61 रन से हार झेलनी पड़ी थी, जिसके बाद कप्तान सलमान अली आगा और टीम प्रबंधन पर सवाल उठने लगे हैं।
इस बीच सुपर-8 चरण का पहला मुकाबला बारिश के कारण बिना एक भी गेंद फेंके रद्द कर दिया गया। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना था, लेकिन लगातार बारिश के कारण मैच नहीं हो सका।
कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था, लेकिन टॉस के तुरंत बाद हल्की बारिश तेज हो गई। मैदान पर कवर डाल दिए गए और पिच के आसपास पानी भर गया, जिससे खेल संभव नहीं हो पाया।
टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार परिणाम के लिए प्रत्येक टीम को कम से कम पांच ओवर खेलने जरूरी हैं। हालांकि निर्धारित समय सीमा तक भी मौसम साफ नहीं हुआ, जिसके चलते मैच को ‘नो रिजल्ट’ घोषित कर दोनों टीमों को एक-एक अंक दे दिया गया। सुपर-8 चरण में रिजर्व डे केवल सेमीफाइनल और फाइनल के लिए निर्धारित हैं।
सेमीफाइनल की राह हुई मुश्किल
इस बारिश से ग्रुप-2 की स्थिति दिलचस्प हो गई है। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खाते में अब एक-एक अंक है। इसी समूह में इंग्लैंड और श्रीलंका भी शामिल हैं, जिससे सेमीफाइनल की दौड़ बेहद कड़ी हो सकती है। साझा अंक आगे चलकर निर्णायक साबित हो सकते हैं।
पाकिस्तान ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव करते हुए ख्वाजा नफे की जगह फखर जमान को शामिल किया। वहीं न्यूजीलैंड ने तीन बदलाव किए। कप्तान मिशेल सैंटनर पेट की समस्या के कारण पिछला मैच नहीं खेल पाए थे, लेकिन इस मुकाबले में वापसी की। उनके साथ लॉकी फर्ग्यूसन और ईश सोढ़ी को भी गेंदबाजी आक्रमण मजबूत करने के लिए शामिल किया गया।
पाकिस्तान अब 24 और 28 फरवरी को इंग्लैंड से भिड़ेगा। वहीं न्यूजीलैंड 25 फरवरी को श्रीलंका और 27 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ मैदान में उतरेगा।
बारिश के कारण सुपर-8 का पहला मुकाबला बिना परिणाम समाप्त होना खिलाड़ियों और प्रशंसकों दोनों के लिए निराशाजनक रहा। अब सबकी नजरें आने वाले मैचों पर टिकी हैं, जहां हर मुकाबला सेमीफाइनल की राह तय करेगा।
