ईशा रिखी- बादशाह की अलगाव की अटकलें, पूनम रिखी के ‘कर्म’ वाले पोस्ट ने बढ़ाई चर्चा
चिरौरी न्यूज
मुंबई: रैपर बादशाह और पंजाबी अभिनेत्री ईशा रिखी के रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हाल ही में ईशा रिखी द्वारा साझा की गई एक भावुक पोस्ट के बाद अब उनकी मां पूनम रिखी की इंस्टाग्राम स्टोरी भी सुर्खियों में है, जिसमें उन्होंने ‘कर्म’ और न्याय से जुड़े संदेश साझा किए हैं। हालांकि, इन पोस्ट में बादशाह या किसी अन्य व्यक्ति का नाम नहीं लिया गया है।
पूनम रिखी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर भगवान शिव की पूजा करती एक महिला की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “कर्म लौटकर जरूर आता है। यदि आप किसी की जिंदगी मुश्किल बनाते हैं, तो ईश्वर आपकी मृत्यु भी कठिन बना देगा।”
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, “कर्म कभी माफ नहीं करता। यदि आपने किसी को रुलाया है, तो एक दिन आपको भी आंसू बहाने पड़ेंगे। कर्म से बड़ा कोई न्यायाधीश नहीं है। कर्म का हिसाब कभी गलत नहीं होता। समय आने पर कर्म बिना किसी पक्षपात के न्याय करता है। भगवान आपको माफ कर सकते हैं, लेकिन आपका कर्म आपको कभी माफ नहीं करेगा।”
इससे पहले ईशा रिखी ने एक लंबा नोट साझा किया था, जिसमें उन्होंने बिना किसी का नाम लिए अपने डर, लंबे समय तक चुप रहने और अब सच बोलने का साहस जुटाने की बात कही थी। उन्होंने लिखा कि कुछ लड़ाइयां ऐसी होती हैं जिनके निशान दिखाई नहीं देते। लंबे समय तक वह डर की वजह से चुप रहीं, क्योंकि उन्हें लगा कि उनके पति के प्रभाव, ताकत और संसाधनों के सामने चुप रहना ही सबसे सुरक्षित रास्ता है।
ईशा ने यह भी कहा कि उनकी चुप्पी को कभी भी सहमति नहीं समझा जाना चाहिए। उन्होंने लिखा कि उनकी खामोशी स्वीकार्यता नहीं, बल्कि खुद को बचाने का तरीका थी और अब वह डर के बजाय हिम्मत को चुन रही हैं। हालांकि, उन्होंने अभी पूरी कहानी बताने के लिए खुद को तैयार नहीं बताया।
कुछ दिन पहले ईशा रिखी ने बादशाह के साथ अपनी कई तस्वीरों और वीडियो का एक मोंटाज साझा किया था। इसके साथ उन्होंने लिखा था, “हर तूफान एक सबक है, हर प्रार्थना एक उम्मीद है।” इस पोस्ट के साथ टूटे दिल और हाथ जोड़ने वाले इमोजी भी थे, जिसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों के अलग होने की अटकलें तेज हो गईं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बादशाह और ईशा रिखी की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड की पार्टी में हुई थी। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और बाद में दोनों ने शादी कर ली। इससे पहले बादशाह की शादी जैसमीन मसीह से हुई थी। दोनों ने वर्ष 2012 में विवाह किया था और 2020 में उनका तलाक हो गया। उनकी एक बेटी भी है, जिसकी परवरिश दोनों मिलकर कर रहे हैं।
फिलहाल बादशाह और ईशा रिखी की ओर से रिश्ते में आई कथित दरार या सोशल मीडिया पर वायरल हो रही चर्चाओं को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
