सनराइजर्स लीड्स ने पाक स्पिनर अबरार अहमद को साइन करने के फैसले को सही ठहराया

Sunrisers Leeds justify Pak spinner Abrar Ahmed signingचिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: इंग्लैंड की लीग टीम सनराइजर्स लीड्स के हेड कोच डेनियल विटोरी ने पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद को टीम में शामिल करने के फैसले का बचाव किया है। विटोरी ने कहा कि टीम इस साइनिंग से “काफी खुश” है और यह फैसला तब लिया गया जब ऑक्शन में उनका पहला विकल्प हाथ से निकल गया।

विटोरी ने बताया कि फ्रेंचाइज़ी शुरुआत में इंग्लैंड के अनुभवी स्पिनर आदिल रशीद को साइन करना चाहती थी। हालांकि ऑक्शन में राशिद को सदर्न ब्रेव ने खरीद लिया, जिसके बाद टीम को तुरंत अपनी रणनीति बदलनी पड़ी।

विटोरी ने ऑक्शन के बाद कहा, “जब हम आदिल राशिद को मिस कर गए, जो शुरुआती प्राथमिकता थे, तब हमें विदेशी स्पिनर की ओर जाना पड़ा। चार-पांच खिलाड़ियों पर विचार चल रहा था और अबरार उनमें से एक थे। उन्हें हासिल करके हम बहुत खुश हैं।”

सनराइजर्स ग्रुप, जिसका स्वामित्व कलानिधि मारन के पास है, ने आखिरकार अबरार अहमद को 2.34 करोड़ रुपये में साइन किया। ऑक्शन के दौरान लंदन में फ्रेंचाइज़ी की ओर से काव्या मारन और विटोरी मौजूद थे। बताया गया कि टीम ने इस बोली में Trent Rockets को पछाड़ा। आगामी सीजन में टीम की कप्तानी इंग्लैंड के टी20 कप्तान हैरी ब्रुक करेंगे।

SRH के बहिष्कार की मांग क्यों उठी?

अबरार अहमद के साइन होते ही सोशल मीडिया पर विवाद शुरू हो गया। इसकी मुख्य वजह यह है कि सनराइजर्स ग्रुप ही आईपीएल टीम Sunrisers Hyderabad का भी मालिक है।

कई वर्षों से देखा गया है कि आईपीएल मालिकों से जुड़ी फ्रेंचाइज़ियां विदेशी लीगों में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को शायद ही साइन करती हैं। इसी वजह से अबरार की साइनिंग ने काफी ध्यान खींचा और कुछ भारतीय फैंस ने SRH के बहिष्कार की मांग भी उठाई।

दिलचस्प बात यह रही कि ऑक्शन में शामिल अन्य भारतीय मालिकाना हक वाली टीमों — जैसे MI London, Manchester Super Giants और Southern Brave — ने किसी भी पाकिस्तानी खिलाड़ी को नहीं खरीदा।

“मेरिट के आधार पर चयन”

हालांकि बाद में सभी आठ फ्रेंचाइज़ियों ने स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों का चयन केवल क्रिकेटिंग क्षमता और टीम की जरूरतों के आधार पर किया गया है, न कि उनकी राष्ट्रीयता के आधार पर।

इससे पहले भी SA20 और ILT20 जैसी लीगों में आईपीएल मालिकों से जुड़ी टीमों द्वारा पाकिस्तानी खिलाड़ियों को कम मौके मिलने का ट्रेंड देखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *