तमिलनाडु चुनाव: भाजपा ने दिया विजय को उपमुख्यमंत्री पद का प्रस्ताव, गठबंधन पर बातचीत जारी

Tamil Nadu Elections: BJP Offers Deputy Chief Minister Post to Vijay; Alliance Talks Ongoingचिरौरी न्यूज

नई दिल्ली/चेन्नई: आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अभिनेता-राजनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेट्टरी कझगम (TVK) के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत अंतिम दौर में पहुंच गई है। सूत्रों के अनुसार, भाजपा ने संभावित गठबंधन की स्थिति में विजय को उपमुख्यमंत्री पद की पेशकश की है।।

भाजपा सूत्रों का कहना है कि सीट-बंटवारे के प्रस्ताव के तहत टीवीके को लगभग 80 सीटें देने की भी पेशकश की गई है। यदि यह समझौता हो जाता है तो राज्य की चुनावी राजनीति पर इसका बड़ा असर पड़ सकता है, क्योंकि तमिलनाडु में कई सीटों पर जीत-हार का अंतर बहुत कम होता है।

हालांकि बातचीत में अभी भी मुख्यमंत्री पद को लेकर मतभेद बने हुए हैं। बताया जा रहा है कि विजय स्वयं मुख्यमंत्री पद की संभावना पर विचार कर रहे हैं, जो बातचीत का प्रमुख मुद्दा बना हुआ है।

भाजपा पिछले कुछ समय से विजय और उनकी पार्टी को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(एनडीए) में शामिल करने के लिए सक्रिय प्रयास कर रही है। इसके लिए पार्टी कई माध्यमों से विजय तक संवाद स्थापित करने की कोशिश कर रही है। सूत्रों के अनुसार, एक अन्य राज्य के उपमुख्यमंत्री को भी इस बातचीत में मध्यस्थ की भूमिका में लगाया गया है।

भाजपा रणनीतिकारों का मानना है कि विजय की तमिलनाडु में बड़ी फैन फॉलोइंग है और उनके समर्थकों का छोटा सा वोट प्रतिशत भी चुनावी नतीजों को प्रभावित कर सकता है। पार्टी के नेताओं का कहना है कि “सिर्फ दो प्रतिशत वोट भी कई सीटों पर जीत की दिशा बदल सकते हैं।”

वहीं विजय के करीबी सलाहकारों के एक वर्ग में इस संभावित गठबंधन को लेकर चिंता भी देखी जा रही है। उनका मानना है कि राजनीति में प्रवेश करते समय विजय ने अपनी पार्टी को एक स्वतंत्र और नई राजनीतिक ताकत के रूप में पेश किया था। ऐसे में शुरुआती दौर में किसी बड़े राष्ट्रीय गठबंधन से जुड़ना उस छवि को कमजोर कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *