पीएम मोदी के राजनीतिक करियर नष्ट करने वाले ट्रम्प के बयान पर विदेश मंत्रालय का जवाब, उचित कार्रवाई करेंगे

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक कथित वीडियो बयान पर उठे सवालों का जवाब दिया। इस वीडियो में ट्रंप ने कथित तौर पर कहा था कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “राजनीतिक करियर को नष्ट नहीं करना चाहते।”
गुरुवार को आयोजित साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान जायसवाल ने कहा कि उन्होंने संबंधित वीडियो नहीं देखा है। उन्होंने कहा, “मैंने वह वीडियो नहीं देखा है। लेकिन यदि ऐसा कोई वीडियो है, चाहे वह सही हो या गलत, हम उस पर उचित कार्रवाई करेंगे।”
बताया जा रहा है कि यह वीडियो ट्रंप की संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) के निदेशक के साथ हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का है, जिसमें वह प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा करते नजर आते हैं। वीडियो में ट्रंप कहते सुनाई देते हैं, “मोदी एक महान व्यक्ति हैं। वह ट्रंप से प्यार करते हैं। अब ‘प्यार’ शब्द को आप अलग तरीके से न लें। मैं उनका राजनीतिक करियर नष्ट नहीं करना चाहता, लेकिन आपको समझना होगा कि मैं वर्षों से भारत को देखता आया हूं। मेरे मित्र लंबे समय से वहां हैं।”
इस बयान को लेकर उठे सवालों के बीच जायसवाल ने कहा कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले तथ्यों की पुष्टि जरूरी है।
रूस के साथ व्यापार और द्विपक्षीय संबंधों पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भारत-रूस संबंध विभिन्न क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा, “रूस और भारत के बीच व्यापार, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, रक्षा सहयोग सहित कई क्षेत्रों में निरंतर संवाद और सहयोग जारी है। हमारे द्विपक्षीय संबंध आगे भी मजबूत होते रहेंगे।”
इस बीच, भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते के ढांचे को लेकर अमेरिकी फैक्टशीट में किए गए संशोधनों पर भी उन्होंने स्पष्टीकरण दिया। जायसवाल ने कहा कि 7 फरवरी 2026 को जारी भारत-अमेरिका संयुक्त वक्तव्य ही दोनों देशों के बीच आपसी समझ का आधार है।
उन्होंने कहा, “भारत और अमेरिका के बीच पारस्परिक और लाभकारी व्यापार के लिए अंतरिम समझौते के ढांचे पर जारी संयुक्त वक्तव्य ही हमारी आपसी समझ का आधार है। अब दोनों पक्ष इस ढांचे को लागू करने और समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में काम करेंगे।”
