भारत जोड़ने जो निकले हैं उनकी पार्टी टूट रही है, 50 साल से जुड़े लोग दूर जा रहे हैं : जेपी नड्डा

Those who have come out to connect India, their party is breaking, people associated with 50 years are going away: JP Naddaचिरौरी न्यूज़

रायपुर:

  • पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने की थी भव्य स्वागत की तैयारी, सड़कों पर हुई फूलों की बारिश
  • भूपेश सरकार ने साढ़े 4 साल में 7 हजार करोड़ का कर्ज लिया, विकास का एक काम नहीं किया: जेपी नड्डा जी
  • ‘विकास छोड़ कांग्रेस सरकार ने शराब की ऑनलाइन डिलीवरी का प्रयोग किया’
  •  भारतीय जनता पार्टी वंशवाद के खिलाफ है: जेपी नड्डा

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी का राजधानी रायपुर में भव्य स्वागत हुआ। माना विमानतल से लेकर मुख्य आयोजन स्थल साइंस कॉलेज मैदान तक स्वागत की भव्य व्यवस्था की गई थी। जहां-जहां से राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी का काफिला गुजरा, हर उस जगह को दुल्हन की तरह सजाया गया था। रोड शो की जिम्मेदारी खुद पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने संभाल रखी थी। 15 स्थानों पर स्वागत मंच सजाए गए थे। जहां अलग-अलग विधानसभा और मंडल से आए कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। रोड शो के दौरान कई जगह छत्तीसगढ़िया संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। दिनदयाल चौक पर भव्य स्वागत व्यवस्था और साज सज्जा को देख राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी ने पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल को गले से लगा लिया। तो हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकाल कर रोड शो में रोमांच भर दिया।

साइंस कॉलेज मैदान में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी ने विशाल बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में सबसे पहले भगवान बिरसा मुंडा को नमन किया और आदिवासी समाज के लिए उनके किए गए कार्यों का भी जिक्र किया। अपने संबोधन के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष जी ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई जी को भी याद किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अगर अलग राज्य बना है तो वह अटल जी की देन है। बताया कि अलग राज्य की मांग एक विचार था कि बनना चाहिए और इसे भाजपा की सरकार ने साकार भी गया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल जैसे लोग आपस में लड़वाते रहे हैं। गुमराह करते रहे हैं। लेकिन नरेंद्र मोदी जी ने राजनीति के पुराने चलन को खत्म कर दिया है। आम जनता के सामने जब दोबारा आओगे तो अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर आना होगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आरोप लगाया छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल सरकार आम जनता के पैसों से अपना खजाना भरने का काम कर रही है। नड्डा जी ने कहा कि प्रदेश में सड़कों का क्या हाल है यह किसी से छिपा नहीं है छत्तीसगढ़ की जनता सब समझ रही है। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार को चैलेंज किया कहा कि कोई भी कांग्रेसी बता दे अगर भूपेश बघेल ने एक भी सड़क बनवाई हो। विकास के एक काम न करने वाली ये सरकार साढ़े 4 साल में अब तक 7000 करोड़ का कर्ज ले चुकी है। प्रदेश में रेत माफिया दन दना रहे है, हर ट्रक पर इनका कमीशन है। प्रदेश में बलात्कार के केस बढ़ रहे हैं। दिनदहाड़े चाकू बाजी की घटनाओं को लेकर भी चिंता जताई साथ ही कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। कहा कि विकास के एक काम नहीं करा पाने वाली इस सरकार ने एक काम किया है, वो है ऑनलाइन शराब डिलीवरी का, युवाओं को शराब के जाल में फंसाने का। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बूथ कार्यकर्ताओं से ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकने की अपील भी की।

परिवारवाद को लेकर भी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी परिवारवाद वाली पार्टी है। देश के कई राज्यों में ऐसी ही कई पार्टियां हैं जो सिर्फ परिवारवाद के आधार पर चल रही है। ऐसी पार्टियों का देश और समाज सेवा से कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने पीडीपी, समाजवादी पार्टी, आरजेडी जैसी कुछ पार्टियों का जिक्र भी किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भाई बहन की पार्टी को चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की लड़ाई वंशवाद के खिलाफ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *