प्रधानमंत्री के 75वें जन्मदिन पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ का शुभारंभ किया 

Union Minister Shivraj Singh Chouhan launched the 'Healthy Women, Strong Family Campaign' on the 75th birthday of the Prime Minister.
(Pic: PIB)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने आज नई दिल्ली के साकेत स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ के शुभारंभ कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से भाग लिया। यह अभियान मध्यप्रदेश के धार में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुभारंभ किया गया। श्री चौहान एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चौहान ने प्रधानमंत्री को उनके 75वें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनके नेतृत्व में भारत एक गौरवशाली, समृद्ध, शक्तिशाली, विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र की दिशा में तेजी से अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत की वैश्विक छवि को मजबूत किया है और आज विश्व पटल पर भारत का सम्मान और प्रभाव बढ़ा है, जिसका श्रेय श्री मोदी को जाता है।

पहलगाम आतंकी हमले का उल्लेख करते हुए चौहान ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से भारत ने सशक्त और निर्णायक कार्रवाई की, जिससे प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारी सेना की वीरता उजागर हुई। व्यापार समझौतों में भी प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कर दिया है कि भारत केवल अपने शर्तों पर ही समझौते करेगा।

चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर देशभर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ की शुरुआत विशेष महत्व रखती है। उन्होंने दिल्ली की पूर्ववर्ती सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही की आलोचना की और वर्तमान मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चल रहे ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिरों’ की सराहना की, जो आम जनता तक प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ‘सेवा पखवाड़ा’ की शुरुआत भी आज से हो रही है, जिसके तहत विशेष रूप से महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिला की सेहत पूरे परिवार की सेहत का आधार है। प्रधानमंत्री ने हमेशा महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसी कई योजनाओं का जिक्र करते हुए चौहान ने अपने कार्यकाल के दौरान मध्यप्रदेश में शुरू की गई ‘लाड़ली बहना योजना’ को भी महिलाओं के कल्याण की दिशा में बड़ा कदम बताया।

चौहान ने महिलाओं से आग्रह किया कि वे अपनी सेहत के प्रति सजग रहें। उन्होंने कहा कि महिलाएं अक्सर अपने परिवार की देखभाल में खुद की सेहत को नजरअंदाज कर देती हैं, लेकिन अब सरकार इस जिम्मेदारी को गंभीरता से ले रही है, इसीलिए यह अभियान शुरू किया गया है।

उन्होंने महिलाओं से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, पौष्टिक आहार लेने, योग और प्राणायाम करने की अपील की। प्रधानमंत्री के अनुशासित जीवनशैली का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि व्यस्त कार्यक्रमों के बावजूद श्री मोदी अपने स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखते हैं और हम सभी के लिए प्रेरणा हैं।

चौहान ने ‘स्वदेशी’ को अपनाने और आगामी त्योहारों में देशी उत्पादों के उपयोग का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे हमारी अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के सपने को साकार करने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *