लोकसभा में इंडिया-अमेरिका व्यापार समझौते पर हंगामा: राहुल गांधी ने कहा, ‘भारत को बेच दिया’

Uproar in Lok Sabha over India-US trade deal: Rahul Gandhi says 'India has been sold out'चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: कई दिनों के गतिरोध के बाद लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर अमेरिका के साथ हाल ही में हुए व्यापार समझौते को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने सरकार पर देश के हितों से समझौता करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह समझौता “भारत को बेचने” जैसा है।

राहुल गांधी ने सदन में कहा, “आपने भारत को बेच दिया। क्या आपको भारत को बेचते हुए शर्म नहीं आई? आपने हमारी मां, भारत माता को बेच दिया।”

उन्होंने आरोप लगाया कि इस समझौते से अमेरिकी उत्पादों को भारतीय बाजार में प्रवेश मिलेगा, जिससे किसानों की आजीविका पर खतरा मंडराएगा। गांधी ने इसे “थोक में आत्मसमर्पण” करार देते हुए कहा कि भारत की ऊर्जा सुरक्षा अमेरिका को सौंप दी गई है और किसानों के हितों से समझौता किया गया है।

उन्होंने कहा, “यह केवल प्रधानमंत्री का आत्मसमर्पण नहीं है, बल्कि 1.5 अरब भारतीयों के भविष्य का आत्मसमर्पण है। यह देश के भविष्य को गिरवी रखने जैसा है, ताकि बीजेपी की वित्तीय संरचना को बचाया जा सके, जिस पर अमेरिका में मामला चल रहा है।”

राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि अमेरिकी कृषि उत्पादों की आमद से भारतीय किसान “तूफान” का सामना करेंगे और देश का वस्त्र उद्योग “खत्म” हो जाएगा। अपने भाषण के अंत में उन्होंने दोहराया, “देश को बेच दिया गया है। देश का डेटा बेचा गया है और किसानों को बेच दिया गया है।”

बीजेपी का पलटवार

राहुल गांधी के भाषण के बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी भारत को बेच नहीं सकता और कांग्रेस पार्टी पर देश को कमजोर करने का आरोप लगाया।

रिजिजू ने कहा, “कांग्रेस दुखी है क्योंकि भारत प्रगति कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के सबसे मजबूत प्रधानमंत्री हैं।”

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सदन में झूठ और निराधार आरोप लगाते हैं और मंत्री के जवाब से पहले ही बाहर चले जाते हैं। “वह कभी मंत्री का जवाब सुनने के लिए रुकते नहीं हैं,” रिजिजू ने कहा।

उन्होंने आगे कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष के नेता के पद के अनुरूप गंभीरता नहीं दिखती। हमारी पार्टी ने तय किया है कि हम सदन के अंदर नोटिस देंगे और स्पीकर को सूचित करेंगे। राहुल गांधी ने कहा है कि वह अपने आरोपों को प्रमाणित करेंगे, लेकिन मुझे पता है कि वह ऐसा नहीं कर पाएंगे क्योंकि उन्होंने सदन में झूठ बोला है।”

इस मुद्दे पर संसद में सियासी घमासान तेज हो गया है और आने वाले दिनों में इस पर और बहस होने की संभावना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *