प्रत्येक नागरिक की चिंता करनी है और विकसित बिहार के सपने को साकार करना है: डॉ विभय कुमार झा
चिरौरी न्यूज
बेनीपुर (दरभंगा): मिथिला में लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) का सांगठनिक विस्तार होता जा रहा है। पार्टी अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री श्री चिराग पासवान की अगुवाई में मिथिला में पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश देखने को मिल रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं का सम्मेलन रविवार को बेनीपुर के कर्पूरी सभा भवन में हुआ। इसमें संगठन को पहले से अधिक मजबूत बनाने और आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराने का आवह्वान किया गया।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष युवा लोजपा (रामविलास) सह पार्टी प्रवक्ता डॉ विभय कुमार झा ने कहा कि कर्पूरी भवन में जिस प्रकार से पार्टी कार्यकर्ताओं का आत्मविश्वास देखने को मिला, वह मिथिला के लिए एक नया संदेश है। बेनीपुर के नगर अध्यक्ष श्री प्रमोद पासवान और बेनीपुर प्रखंड अध्यक्ष श्री समसुल होदा पार्टी अध्यक्ष श्री चिराग पासवान जी के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने के लिए गांव-गांव जा रहे हैं। ऐसे समर्पित कार्यकर्ताओं के कारण ही हमारा संगठन विस्तार कर रहा है।
लोजपा नेता डॉ विभय कुमार झा ने बेनीपुर विधानसभा के सभी लोगों और कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए आगामी चुनाव के लिए काम करने का आह्वान किया है। जो लोग समाज को जाति, पंथ और धर्म के नाम पर बांटने का काम करते हैं, उन्हें अब करारा जवाब देने का समय आ गया है। मैं मातृशक्ति से भी विशेष आग्रह करता हूँ कि वे यह समझें और पहचानें कि कौन हमारे सम्मान की रक्षा करता है और कौन हमें अपमानित करने का प्रयास करता है।
बिहार की अमूल्य संस्कृति हमेशा से लोगों को सम्मान और आदर देने की रही है। हम तो अपने छोटों से भी ‘आप’ कहकर बात करते हैं, यही हमारे संस्कार हैं, यही हमारी पहचान है। हमें प्रत्येक नागरिक की चिंता करनी है और विकसित बिहार के सपने को साकार करना है।
इस कार्यक्रम में मायकल पासवान, तिवारी जी, रामचन्द्र यादव जी, अनिल पासवान जी, जीवछ पासवान जी, सचिन सिंह जी, इंद्र कुमार राम जी और मोनू झा उपस्थित थे।