इंस्टाग्राम लाइव के दौरान यूट्यूबर अनुराग डोभाल की कार क्रैश, अस्पताल में भर्ती
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: यूट्यूबर और बिग बॉस 17 के पूर्व कंटेस्टेंट अनुराग डोभाल, जिन्हें सोशल मीडिया पर UK07 Rider के नाम से जाना जाता है, एक कार हादसे में घायल हो गए हैं। यह हादसा उस समय हुआ जब वह इंस्टाग्राम पर लाइव स्ट्रीम कर रहे थे और तेज रफ्तार में कार चला रहे थे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेसवे पर गाजियाबाद के पास हुई। अनुराग डोभाल अपनी कार को करीब 140–150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चला रहे थे और उसी दौरान वह इंस्टाग्राम लाइव पर अपने फैंस से बातचीत कर रहे थे। लाइव के दौरान अचानक उनकी कार नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क के डिवाइडर से टकरा गई।
बताया जा रहा है कि उस समय उनके लाइव को करीब 80 हजार से अधिक लोग देख रहे थे। हादसे के कुछ पल पहले अनुराग काफी भावुक दिखाई दे रहे थे और उन्होंने अपनी मां को संबोधित करते हुए कहा कि “अगले जन्म में मुझे प्यार देना।” इसके बाद उन्होंने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और कुछ ही क्षण बाद कार डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें कार से बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उन्हें इलाज के लिए मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक उन्हें चोटें आई हैं, लेकिन उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
गौरतलब है कि हादसे से कुछ दिन पहले ही अनुराग डोभाल सोशल मीडिया पर अपने निजी और पारिवारिक विवादों को लेकर चर्चा में थे। उन्होंने कुछ पोस्ट में मानसिक तनाव और परेशानियों का जिक्र भी किया था, जिसके बाद उनके फैंस पहले से ही चिंतित थे।
यह घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनका वीडियो तेजी से वायरल हो गया है और उनके प्रशंसक उनकी सेहत को लेकर चिंता जता रहे हैं। कई लोगों ने उनसे सुरक्षित रहने और जल्द ठीक होने की कामना की है।
