बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार, अजय देवगन, करण जौहर, सुनील शेट्टी ने किसान प्रदर्शन पर दी प्रतिक्रिया

चिरौरी न्यूज़

नई दिल्ली: मशहूर पॉप सिंगर रिहाना, पोर्न स्टार मिया खलीफा और पर्यावरणविद ग्रेटा थनबर्ग जैसी अंतरराष्ट्रीय हस्तियों ने जब से किसान आंदोलन का समर्थन किया है तब से आंदोलन के पक्ष और विपक्ष में सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है। हालांकि सबसे पहले बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रानौत ने रिहाना को ट्वीटर पर जवाब दिया था, जिसे कई लोगों ने रीट्वीट भी किया था। अब इस कड़ी में बॉलीवुड के कई बड़ी हस्तियों का भी नाम जुड़ गया है।

रिहाना के ट्वीट के बाद बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, अजय देवगन और करण जौहर ने #IndiaTogether के साथ केंद्र सरकार का समर्थन किया है। बॉलीवुड हस्तियों ने बुधवार को किसानों के विरोध प्रदर्शन के बारे में प्रतिक्रिया व्यक्त की। इन्होने लोगों से भारत के खिलाफ झूठे प्रचार पर विश्वास नहीं करने के लिए कहा है। साथ ही विदेशी हस्तियों द्वारा किसान आंदोलन पर प्रतिक्रिया देने को प्रोपेगेंडा बताया है। अभिनेता अक्षय कुमार ने विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए कहा है कि सरकार किसानों की समस्या का समाधान कर रही है।

सुपरस्टार अक्षय कुमार ने ट्विटर पर विदेश मंत्रालय के बयान को साझा किया। उन्होंने कहा, किसानों ने हमारे देश का एक अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया है। और उनके मुद्दों को हल करने के लिए किए जा रहे प्रयास स्पष्ट हैं। मतभेद पैदा करने वाले किसी भी व्यक्ति पर ध्यान देने के बजाय एक सौहार्दपूर्ण संकल्प का समर्थन करें। अजय देवगन  ने कहा, भारत या भारतीय नीतियों के खिलाफ किसी भी तरह के झूठे प्रचार में न पड़े। एकजुट रहना महत्वपूर्ण है।

फिल्म निर्माता करण जौहर ने किसानों को भारत की रीढ़ कहा। उन्होंने कहा, हम मुश्किल घड़ी में रह रहे हैं और समय की आवश्यकता हर मोड़ पर विवेक और धैर्य का इस्तेमाल करने की है। हमें एक साथ मिल कर, हर संभव प्रयास करना चाहिए, जिससे हम कुछ समाधान खोज सकें-हमारे किसान भारत की रीढ़ हैं। आइए हम किसी को भी हमें विभाजित करने का मौका न दें।

सुनील शेट्टी ने कहा कि आधे सच से ज्यादा खतरनाक कुछ नहीं होता है। उन्होंने कहा, हमें हमेशा चीजों के प्रति व्यापक दृष्टिकोण रखना चाहिए, क्योंकि आधे सच से ज्यादा खतरनाक कुछ भी नहीं होता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *