सुशील मोदी का राजद पर निशाना, कहा पहले लालू प्रसाद दें भ्रष्टाचार का हिसाब

चिरौरी न्यूज़

नयी दिल्ली: जैसे जैसे बिहार का चुनाव नजदीक आते जा रहा है , बिहार में राजनीतिक बयानबाज़ी तेज़ होती जा रही है। आज बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने ट्वीट कर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर निशाना साधा है। उन्होंने अपने ट्वीट में राजद नेता तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए कहा है कि तेजस्वी को को भ्रष्टाचार पर बोलने से पहले माल-मिट्टी-जमीन घोटाला और बेनामी संपत्ति पर बिंदुवार जवाब सार्वजनिक रूप से देने चाहिए।

बता दें की राजद नेता का नाम बेनामी संपत्ति और माल -मिट्टी -जमीन घोटाला में सामने आया था। भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील मोदी ने कहा कि राजद प्रमुख एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद को बताना चाहिए कि उनके राज में सड़कें क्यों नहीं बनीं? ऐसा अलकतरा घोटाला किसके राज में हुआ था, जिसके कारण तत्कालीन पथ निर्माण मंत्री को जेल जाना पड़ा? उन्हें घोटाले में आरोपी होने पर भी पार्टी ने विधानसभा का टिकट क्यों दिया? बाद में उन्हें विधानसभा की सदस्यता गंवानी पड़ी थी। सुशील मोदी ने कहा कि महागठबंधन को ऐसे दल का नेतृत्व स्वीकार नहीं करना चाहिए, जिसका सुप्रीमो सजायाफ्ता और चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य घोषित हो।

एक अन्य ट्वीट में सुशील मोदी ने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकारें  कोरोना का संक्रमण रोकने के लिए युद्ध स्तर पर संघर्ष कर रही हैं। एक तरफ लॉकडाउन का सख्ती से पालन हो रहा है, तो दूसरी तरफ रोजाना 20 हजार सैंपल जांच का लक्ष्य पूरा करने पर काम जारी है।

उन्होंने कहा कि अब शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी जांच करायी जा सकेगी। स्थिति का आकलन करने के लिए केंद्रीय टीम आने वाली है। दूसरी तरफ विपक्ष चिकित्सा सेवाओं के प्रति अविश्वास और आम लोगों में कोरोना से दहशत पैदा करने में लगा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *