कांग्रेस के 16 विधायक पहुंचे गुरुग्राम, पांच दिल्ली में
चिरौरी न्यूज़
नई दिल्ली: राजस्थान में राज्यसभा चुनाव के दौरान खरीद-फरोख्त में शामिल होने के आरोप में शनिवार को तीन निर्दलीय विधायकों के खिलाफ केस और दो अन्य की गिरफ्तारी के बाद सियासत में दिन भर उथल पुथल चलते रहा। अब कांग्रेस-भाजपा में आरोप-प्रत्यारोप का दौर खत्म होने का नाम नहीं ले रहा।
वहीँ अब कांग्रेस के 16 विधायक मानेसर के होटल और पांच के दिल्ली पहुंच जाने से गहलोत सरकार संकट में आती दिख रही है। इनमें कुछ निर्दलीयों के भी शामिल होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट नाराज चल रहे हैं, और ये विधायकों का दिल्ली और मानेसर आना शायद उसी का परिणाम हो।
कल रात मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के द्वारा अचानक से मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई गयी और उसके बाद तीन विधायकों को सहयोगियों की सूची से बाहर कर दिया गया। मुख्यमंत्री गहलोत पहले ही आरोप लगा चुके हैं कि बीजेपी सरकार गिराने की ताक में है। उन्होंने कल कहा था कि कांग्रेस विधायकों को 25-25 करोड़ का लालच दिया गया है।
उधर अटकलों को हवा देते हुए जयपुर में चल रही राजनीतिक गतिविधियों के बीच उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट शनिवार को ही दिल्ली पहुंच गए। वह राहुल गांधी से मुलाकात कर सकते हैं। मंत्रिमंडल की बैठक से पूर्व यह कयास लगाए जाते रहे कि सीएम गहलोत मंत्रियों के इस्तीफे ले सकते हैं, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। मंत्रिमंडल की बैठक में उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट मौजूद नहीं थे।
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पुनिया ने कहा कि, “नाकामियों से ध्यान हटाने के लिए राजस्थान सरकार पैंतरेबाजी कर रही है। खरीद-फरोख्त के जो आरोप हैं, वह भाजपा को बदनाम करने की साजिश है। गहलोत एसओजी का दुरुपयोग कर रहे हैं। विधायकों व मंत्रियों के फोन टैप किए जा रहे हैं, जो गलत है। यह सरकार अंतर्कलह की शिकार है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच तकरार सार्वजनिक है।“
कल मुख्यमंत्री ने कहा था कि, “भाजपा ने सारी हदें पार कर दी हैं। एक तरफ हम कोरोना से ¨जदगी बचाने में जुटे हैं, वहीं दूसरी तरफ भाजपा के लोग सरकार गिराने में। बकरा मंडी में जिस तरह से बकरे बिकते हैं, वैसे विधायकों की बोली लगाई गई। 15 से 25 करोड़ विधायकों की बोली लगाई गई है। प्रलोभन देकर सरकार गिराने की अब की साजिश राज्यसभा चुनाव के वक्त से कहीं बड़ी है, लेकिन हमारी सरकार स्थिर है।“