टोक्यो ओलंपिक: भारत ने हॉकी में मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना को हराया
चिरौरी न्यूज़
नई दिल्ली: वरुण कुमार 43वें, विवेक सागर प्रसाद 58वें और हरमनप्रीत सिंह के द्वारा 59वें मिनट में किये गए गोल की मदद से भारत ने आज मौजूदा हॉकी ओलंपिक चैंपियन अर्जेंटीना को 3-1 से हरा दिया। यह भारत के चार मैचों में तीसरी जीत है और उसके 9 अंक हो गए हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया 12 अंकों के साथ ग्रुप में शीर्ष पर बना हुआ है। भारत का अब अगले दौर में प्रवेश निश्चित है।
भारत दो क्वार्टर तक ज्यादा डिफेंसिव रहा और नतीजा अर्जेंटीना की टीम कोई गोल करने में नाकाम रही, लेकिन अंतिम क्वार्टर में भारत ने दो गोल करके मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। शुरुआत के दो क्वार्टर में कोई भी गोल नहीं हुआ, लेकिन तीसरे क्वार्टर के अंत में भारत की तरफ से वरुण कुमार ने पेनाल्टी कार्नर पर गोल कर दिया।
दूसरी ओर, अर्जेंटीना ने हमले तेज कर दिए और इसी क्रम में 47वें मिनट में उसे पेनाल्टी कार्नर मिला, जिसे गोल में बदलकर स्कुथ कासेला ने स्कोर 1-1 कर दिया।
इसके बाद अंतिम क्वार्टर में दोनों टीमों ने बहुत जोर लगाया और भारत के लिए विवेक सागर प्रसाद ने 58वें और हरमनप्रीत सिंह ने 59वें मिनट में गोल किए। अब का मुकाबला अपने अंतिम ग्रुप मैच में मेजबान जापान से होगा।