आईपीएल 2024: ऑल राउन्ड प्रदर्शन से दिल्ली कैपिटल्स ने हाई स्कोरिंग मैच में मुंबई इंडियंस को 10 रनों से हराया

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: तेज गेंदबाज रसिख सलाम और मुकेश कुमार ने तीन-तीन विकेट लेकर मुंबई इंडियन के रन चेज को पटरी से उतार दिया और दिल्ली कैपिटल्स ने शनिवार को अरुण जेटली स्टेडियम में 5 बार के चैंपियन पर 10 रन से रोमांचक जीत दर्ज की। यह दिल्ली कैपिटल्स का इस सीजन में 5 वीं जीत है।
इससे पहले रन-फेस्ट में, सलामी बल्लेबाज जेक फ्रेजर-मैकगर्क ने सनसनीखेज 84 रन बनाकर अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखा, जिसमें सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक शामिल था। ट्रिस्टन स्टब्स ने नाबाद 48 रन बनाकर डीसी को 257/4 के विशाल स्कोर तक पहुंचाया।
जवाब में, रसिख के 3-34 और मुकेश के 3-54 के साथ-साथ खलील अहमद के 2-45 ने मुंबई को 247/9 पर रोक दिया, जबकि तिलक वर्मा के 63, हार्दिक पंड्या के 46 और टिम डेविड के 37 ने उन्हें लक्ष्य का पीछा करने की उम्मीद दी।
इस जीत के साथ, डीसी गत चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स से आगे निकल गई और अब इतने ही खेलों में 10 अंकों के साथ अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है।
258 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस की शुरुआत खराब रही। मुंबई ने पावरप्ले में 60 से अधिक रन बनाए लेकिन उस अवधि में रोहित शर्मा, इशान किशन और सूर्यकुमार यादव का विकेट खो दिया। एमआई की लड़ाई वास्तव में हार्दिक पंड्या के 24 गेंदों पर 46 रन बनाने के साथ शुरू हुई। इसके बाद तिलक वर्मा और टिम डेविड ने 29 गेंदों पर 70 रनों की साझेदारी की, लेकिन एमआई के लिए बहुत देर हो चुकी थी। उनकी पारी 247/9 के स्कोर के साथ समाप्त हुई और इस तरह 10 रन से हार गए।
