IPL 2026: संजू सैमसन को लेकर RR-CSK के बीच ट्रेड वार, राजस्थान ने मांगे रुतुराज, जडेजा और दुबे

Sanju Samson's dream is to hit 6 sixes in an over like Yuvraj Singh
(File photo/Twitter)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: आईपीएल 2026 सीज़न की तैयारियों के साथ ही फ्रेंचाइज़ियों के बीच रणनीति और ट्रेड चर्चा तेज़ी से जोर पकड़ रही है। इन दिनों क्रिकेट गलियारों में सबसे गर्म चर्चा राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन को लेकर है। ताज़ा रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को अपने स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज़ संजू सैमसन के बदले एक साहसिक प्रस्ताव दिया है।

माना जा रहा है कि चेन्नई सुपर किंग्स संजू सैमसन को अपनी टीम में शामिल करने के लिए काफी इच्छुक है। वजह साफ है — महेंद्र सिंह धोनी के करियर के अंतिम दौर में पहुंचने के साथ ही CSK को एक अनुभवी और भरोसेमंद विकेटकीपर-बल्लेबाज़ की तलाश है, जो मिडिल ऑर्डर को मजबूती दे सके। संजू सैमसन इस भूमिका के लिए एक उपयुक्त विकल्प माने जा रहे हैं, खासकर उनकी बल्लेबाज़ी क्षमता और नेतृत्व कौशल को देखते हुए।

हालांकि, CSK की इस रुचि को लेकर चर्चाएं कई हफ्तों से चल रही थीं, लेकिन अब Cricbuzz की रिपोर्ट के अनुसार, राजस्थान रॉयल्स ने जो मांग रखी है, वह किसी ब्लॉकबस्टर से कम नहीं है। RR ने चेन्नई से कप्तान रुतुराज गायकवाड़, अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा और पावर-हिटर शिवम दुबे की मांग की है। इस प्रस्ताव को चेन्नई सुपर किंग्स ने पूरी तरह से खारिज कर दिया है। सीएसके प्रबंधन का मानना है कि ये तीनों खिलाड़ी टीम के कोर स्ट्रक्चर के अहम स्तंभ हैं और उन्हें छोड़ना संभव नहीं है।

फिलहाल यह ट्रेड गतिरोध की स्थिति में है, लेकिन संजू सैमसन जैसे बड़े नाम को लेकर उठी यह चर्चा आईपीएल 2026 की तैयारियों को और भी रोमांचक बना रही है। ट्रांसफर विंडो अभी खुली है, ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या कोई पक्ष अपने रुख में नरमी दिखाता है या फिर यह हाई-प्रोफाइल डील यहीं पर थम जाती है।

आईपीएल 2026 सीज़न की शुरुआत 15 मार्च 2026 से होगी और इसका समापन 31 मई 2026 को निर्धारित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *